फतेहाबाद से भट्टू मार्ग। संवाद
- फोटो : Fatehabad
जिला मुख्यालय से राजस्थान और पंजाब बॉर्डर तक मार्ग चौड़ा होने जा रहा है। इसके अलावा भूना तक भी सड़क मार्ग चौड़ा होगा। तीनों सड़कों को चौड़ा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सरकार के पास प्रस्ताव भेजा है। अगर मंजूरी मिलती है तो तीनों मार्गों की चौड़ाई सात मीटर से बढ़कर दस मीटर हो जाएगी। तीनों मार्गों की लंबाई करीब 98 किलोमीटर है। इन मार्गों को चौड़ा करने पर करीब 260 करोड़ रुपये की लागत आएगी। लोक निर्माण विभाग ने 260 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर भी सरकार के पास भेज दिया है। लोक निर्माण विभाग दोनों तरफ से सड़क को चौड़ा करेगा।
शहर सीमा में फोरलेन होगा मार्ग
लोक निर्माण विभाग अधिकारियों की माने जिला मुख्यालय से भट्टू और उसके बाद राजस्थान बॉर्डर तक सड़क की चौड़ाई 10 मीटर की जाएगी। इसके अलावा फतेहाबाद से रतिया और इसके बाद पंजाब बॉर्डर तक इसकी चौड़ाई भी 10 मीटर होगी। भूना शहर तक भी सड़क की चौड़ाई 10 मीटर हो जाएगी। जिला मुख्यालय नप की सीमा में आते ही तीनों मार्गों को फोरलेन किया जाएगा।
मार्ग किलोमीटर
फतेहाबाद से पंजाब बॉर्डर 42 किलोमीटर
फतेहाबाद से राजस्थान बॉर्डर 30 किलोमीटर
फतेहाबाद से भूना 26 किलोमीटर
बढ़ते ट्रैफिक के चलते विभाग ने बनाई योजना
जिला मुख्यालय पंजाब और राजस्थान बॉर्डर से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा भूना मार्ग से होकर चंडीगढ़ को रास्ता जाता है। इसके चलते तीनों मार्गों पर ट्रैफिक लोड ज्यादा रहता है। हादसों को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग ने तीनों मार्गों को चौड़ा करने का फैसला लिया है।
जिला मुख्यालय से रतिया, भूना और भट्टू मार्ग को चौड़ा करने के लिए सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद तीनों मार्गों को चौड़ा किया जाएगा। ये मार्ग चौड़ा होने से आमजन को फायदा होगा।
- जसवंत सिंह, जेई, लोक निर्माण विभाग