राहत : बस स्टैंड से नागरिक अस्पताल तक सड़क का निर्माण शुरू
बारिश में पूरी तरह टूट-फूट चुकी थी सड़क, संवाददाता ने कई बार उठाई समस्या, डीसी ने लिया संज्ञान
फोटो:12
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। शहर के बस स्टैंड से नागरिक अस्पताल को जाने वाली रोड का निर्माण आखिरकार शुरू हो गया है। यह रोड करीब तीन माह से खस्ता हाल में थी। इस समस्या को लेकर संवाददाता ने भी दो बार प्रमुखता से मुद्दा उठाया था। प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त महावीर कौशिक ने इस संदर्भ में नगर परिषद को निर्देश दिए कि रोड को तत्काल दुरुस्त किया जाए। इसके बाद नगर परिषद ने इस रोड को नए सिरे से बनाने का काम शुरू कर दिया है। रोड को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा। शनिवार को यहां पर बुलडोजर के जरिये काम चलता रहा। उम्मीद है कि एक सप्ताह तक इसका काम को पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद यहां पर जलभराव की समस्या भी खत्म हो जाएगी।
काफी महत्वपूर्ण है शहर का यह रास्ता
शहर के बस स्टैंड से नागरिक अस्पताल को जाने वाला यह रास्ता काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। यह रोड सिर्फ नागरिक अस्पताल ही नहीं बल्कि कबीर बस्ती, मॉडल टाउन, वाल्मीकि चौक व ठाकर बस्ती आदि एरिया को भी बस स्टैंड से जोड़ती है। इसके अलावा मॉडल टाउन में अन्य कई निजी अस्पताल भी हैं। उन अस्पतालों में रोजाना 200 से ज्यादा वाहनों का आवागमन होता है। नागरिक अस्पताल को जाने वाली एंबुलेंस व अन्य वाहन भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। इसलिए यह आवागमन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण व व्यस्त रोड है। हालांकि, यह रोड लंबे समय से खस्ता हालत में थी। अब बीते तीन माह में लगातार बारिश के चलते रोड की हालत और ज्यादा खराब हो गई थी। रोड में गहरे गड्ढे बन गए और तारकोल व बजरी उखड़ गई थी। इसके चलते यहां से गुजरने वालों को काफी दिक्कत हो रही थी। इस रोड का निर्माण होने से लोगों को काफी राहत महसूस होगी।
कोट
शहर में जहां कहीं कोई रोड खराब है, उसे दुरुस्त किया जाएगा। इसी के चलते बस स्टैंड से नागरिक अस्पताल की तरफ जाने वाले रोड का काम शुरू कर दिया गया है। यह काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
-ऋषिकेश वर्मा, ईओ, नगर परिषद।