क्षेत्र के एक गांव में आरएमपी चिकित्सक पर सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। रतिया सदर पुलिस ने लड़की की मां की शिकायत पर आरोपी आरएमपी चिकित्सक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच डीएसपी कर रहे हैं।
पुलिस को दी शिकायत में नाबालिग छात्रा की मां ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी 12 वर्षीय बेटी गांव के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ती है। दो दिन पूर्व उसकी बेटी की उंगली पर चोट लग गई थी। वह स्कूल गई तो वहां ज्यादा दर्द होने पर उसने स्कूल अध्यापक को बताया। इस पर अध्यापक ने उसको फोन कर इस बारे में बताया और कहा वे बेटी को डॉक्टर के पास भेज रहे हैं। इस बाद उसकी बेटी गांव के ही आरएमपी चिकित्सक के पास चली गई। शिकायतकर्ता अनुसार उसकी बेटी कुछ देर बाद स्कूल लौटी तो अध्यापक ने उसे भी फोन कर स्कूल बुला लिया। महिला ने आरोप लगाया कि जब वह स्कूल गई तो बेटी ने उसे बताया कि जब वह चिकित्सक के पास गई तो उसने कहा कि घाव गहरा है, इसलिए इंजेक्शन लगाना पड़ेगा। चिकित्सक ने उसे बेड पर लेट जाने को कहा। जैसे ही वह बेड पर लेटी तो उक्त चिकित्सक उसके साथ इंजेक्शन देने के बहाने अश्लील हरकतें करने लगा। इस पर वह डॉक्टर को धक्का देकर वहां से भागकर स्कूल पहुंच गई और सारा घटनाक्रम स्कूल के अध्यापक को बताया। सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है डीएसपी मामले की जांच कर रहे हैं।