टोहाना। शहर में एक बार फिर बदमाशों की दहशत देखने को मिली है। रेलवे रोड स्थित बी13 फूड कोर्ट रेस्टोरेंट पर आए बाइक सवार तीन युवकों ने रेस्टोरेंट मैनेजर विक्रम को पर्ची देकर 50 लाख की रंगदारी मांगी। आरोपियों ने तीन राउंड फायरिंग भी की।
मामले की सूचना पाकर डीएसपी शाकिर हुसैन व शहर थाना प्रभारी देवेंद्र नैन मौके पर पहुंचे तथा मैनेजर विक्रम के बयान पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी बीच घटना की सूचना पर पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने भी मौके पर पहुंच कर रेस्टोरेंट मालिक से बातचीत की और पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। घटना कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र ठकराल के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने रविवार को व्यापार मंडल कार्यालय में बैठक भी बुलाई है।
पुलिस को दी शिकायत में मैनेजर विक्रम ने बताया कि वह शनिवार शाम को रेस्टोरेंट में था। तभी करीब 6 बजकर 50 मिनट पर बाइक सवार तीन युवक आए, जिनमें से एक लड़का उसके पास आया तथा पर्ची देकर बाहर चला गया। जब वह पर्ची खोलने लगा तो इतने में ही बाहर से शीशे पर तीन फायरिंग किए। उसने बताया कि शीशा टफन का होने के चलते गोली अंदर नहीं आ पाई। उस समय काफी कस्टमर अंदर बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। आरोपी द्वारा पर्ची डालकर 50 लाख रुपये की मांग की गई है, जिस पर बॉक्सर गैंग लिखा हुआ है।
दो माह पहले सेठी अस्पताल के बाहर भी हुई थी फायरिंग
करीब दो माह पूर्व कैंची चौक स्थित सेठी अस्पताल के बाहर भी फायरिंग की गई थी। तब वहां काम करने वाले कर्मचारी को छर्रे लगे थे। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू कर लिया था। इस घटना के कुछ दिन बाद जनता अस्पताल में भी पर्ची डालकर चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उक्त आरोपी को भी काबू कर लिया था।
व्यापार मंडल ने दी चेतावनी, शीघ्र आरोपियों को काबू करे प्रशासन
बी13 पर घटना की सूचना पाकर हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के शाखा प्रधान राजेंद्र ठकराल के नेतृत्व में व्यापारी घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान व्यापारी नेताओं ने बी13 के मालिक से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली। प्रधान राजेंद्र ठकराल ने कहा कि लगातार बढ़ रही घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बनता जा रहा है, जिन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को उचित कदम उठाने चाहिए। इस मामले को लेकर रविवार को दोपहर 12 बजे व्यापार मंडल कार्यालय में बैठक की जाएगी, जिसके बाद आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
मुझे रात तक गिरफ्तारी चाहिए, मैं यहीं बैठा हूं
फतेहाबाद। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने जिला पुलिस कप्तान आस्था मोदी से फोन पर बातचीत की और कहा कि मुझे रात तक यह सभी आरोपी गिरफ्तार चाहिए मैं यहीं बैठा हूं। बबली ने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर गृह मंत्री अनिल विज व डीजीपी पिके अग्रवाल से अभी उनकी बात हुई है। शीघ्र ही टोहाना मे सर्च ऑपरेशन चलाकर नशे में लिप्त व गैरकानूनी हथियार रखने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। पंचायत मंत्री ने इस दौरान थाना प्रभारी को झाड़ लगाते हुए कहा कि ये आरोपी कहां चले गए इन्हें शीघ्र गिरफ्तार करो, क्या इन्हें जमीन खा गई। जब आपके शहर में नाके लगाए गए हैं, उसके बावजूद आरोपी कैसे फरार हो गए। बबली ने कहा कि रविवार को उनके द्वारा पुलिस अधिकारियों की मीटिंग बुलाई गई है जिसमें क्रिमिनल गतिविधियों में शामिल लोगों का रिकार्ड मांगा गया है, इनके लाइसेंस रद्द किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह मामला राजनीति से प्रेरित भी हो सकता है क्योंकि टोहाना में तीसरी बार गोली चलने की वारदात हुई है।
कोट
रेलवे रोड स्थित बी13 फूड कोर्ट पर बाइक सवार तीन लड़कों में से एक लड़का मैनेजर विक्रम को पर्ची देकर गया है। पर्ची देने वाले युवक के बाहर जाने के बाद बाइक सवारों ने तीन राउंड फायरिंग की है, शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शीघ्र आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
- देवेंद्र नैन, प्रभारी, शहर थाना
बी 13 फूड कोर्ट के बाहर फायरिंग करते हुए बाईक सवार आरोपी।- फोटो : Fatehabad