टोहाना। तकनीकी शिक्षा विभाग ने राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में तीन वर्ष के डिप्लोमा इंजीनियरिंग और लेटरल एंट्री स्कीम में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
संस्थान के प्रधानाचार्य राजीव शर्मा ने बताया कि संस्थान में पांच शाखाओं सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी में तीन वर्षीय डिप्लोमा करवाया जाता है। इनमें प्रवेश के लिए आवेदक स्वयं अथवा संस्थान में आकर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए अंतिम तिथि तीन जून तय की गई है। इसी तरह लेटरल एंट्री स्कीम के तहत सीधे दूसरे साल में दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 मई तय की गई है।
प्रवेश प्रभारी मुनीष गर्ग ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के लिए दसवीं कक्षा का प्रमाणपत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बैंक कॉपी आदि दस्तावेज जरूर चाहिए। सिविल इंजीनियरिंग के लिए 60 सीट, कंप्यूटर में 60 सीट, इलेक्ट्रिकल में 60 सीट, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए 60 सीट एवं मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी के लिए 60 सीटें हैं।
इसके लिए कई विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बेसब्री से इंतजार है। वह इसके लिए कई शिक्षण संस्थाओं और कोचिंग संस्थानों में भी संपर्क कर चुके हैं। अब इस प्रक्रिया के शुरू होने पर उन्होंने आवेदन की तैयारी शुरू कर दी है।