अपने कोच के साथ टाइना बिश्नोई।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। गांव रत्ताखेड़ा निवासी 14 वर्षीय टाइना बिश्नोई का चयन वर्ल्ड कैडेट चैंपियनशिप के लिए हुआ है। टाइना के पिता बालकृष्ण ने बताया कि 25 से 28 जुलाई तक बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में यह वर्ल्ड चैंपियनशिप होगी। उनकी बेटी 23 जुलाई को यहां से रवाना होगी, जहां वह 41 किलो भारवर्ग में खेलेंगी। उन्होंने बताया कि टाइना ज्योति पब्लिक स्कूल लाली में दसवीं कक्षा की छात्रा है। उसे शुरू से ही खेलो में ताइक्वांडो में काफी रुचि थी। उसकी इच्छा ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल करने की है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की प्रतिभा को तराशने में उनके कोच राजपाल पन्नू ने काफी मेहनत की है।
35 देशों के खिलाड़ियों से भिड़ेंगी टाइना
टाइना के कोच राजपाल ने बताया कि टाइना ने इसी वर्ष 11 से 14 मई को नासिक में हुई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हरियाणा का नेतृत्व कर स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके बाद उन्हें उम्मीद थी कि टाइना जल्द ही देश का नेतृत्व करेंगी। उनकी उम्मीदों के तहत ही 25 से 28 जुलाई तक बुल्गारिया में होने वाली वर्ल्ड कैडेट चैंपियनशिप में 41 किलो भारवर्ग में उसका चयन हुआ है। उसके वर्ग में 35 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सिरसा जिले के रोड़ी थाना में मुंशी हैं पिता
टाइना के पिता बालकृष्ण पुलिस कर्मचारी हैं। उनकी ड्यूटी सिरसा जिले के रोड़ी पुलिस थाना में मुंशी के पद पर लगी हुई है। तीन बच्चों के पिता बालकृष्ण ने अपनी दोनों बेटियों को भी लड़कों की तरह पाला पोसा और ताइक्वांडो जैसी हार्ड वर्किंग गेम में पूर्ण सहयोग किया। टाइना जहां अंडर 15 प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं, वहीं उसकी बड़ी बहन मीनल बिश्नोई महिला कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा है। उसने भी दो दिन पूर्व महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक में हुई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है।