रतिया। रतिया नगरपालिका में वीरवार दोपहर बाद रखी गई बजट व साधारण बैठक कोरम पूरा न होने के कारण चौथी बार भी स्थगित करनी पड़ी। बैठक में चेयरपर्सन प्रीति खन्ना सहित मात्र चार ही पार्षद पहुंचे। वाइस चेयरमैन जोगिंद्र नंदा अपने समर्थक पार्षदों के साथ गैरहाजिर रहे। निर्धारित समय तक इंतजार के बाद नगरपालिका सचिव दीपक कुमार ने बैठक स्थगित कर दी। बार-बार बैठक स्थगित होने के कारण नगरपालिका के विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया है। इससे शहरवासियों में नगरपालिका के प्रति रोष बढ़ने लगा है।
बैठक में चेयरपर्सन प्रीति खन्ना, पार्षद रेखा रानी, वीरपाल कौर व गुरप्रीत गोपी मौजूद रहे जबकि नगरपालिका सचिव दीपक कुमार, एमई सुमेर सिंह, लेखाकार मनजीत कौर काफी समय तक अन्य पार्षदों का इंतजार करते रहे। आधे घंटे बाद भी जब वाइस चेयरमैन जोगिंद्र नंदा व अन्य पार्षद नहीं आए तो बैठक स्थगित करने का ऐलान करना पड़ा। गौरतलब है कि इससे पहले भी तीन बार 7 अप्रैल, 18 अप्रैल व 17 मई को नगरपालिका वाइस चेयरमैन जोगिंदर नंदा व उनके समर्थक पार्षद बजट व साधारण बैठक का बहिष्कार कर चुके हैं।
कोट
चौथी बार बजट व साधारण बैठक बुलाई गई थी। मगर इस बार भी कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को स्थगित कर दिया गया है। अब अगली बैठक के लिए तारीख तय की जाएगी।
-दीपक कुमार, सचिव, नगरपालिका रतिया