करनाल जिले के असंध निवासी महिला ने नरवाना के गंाव जुलहेड़ा के एक व्यक्ति पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने व दुकान में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को डीएसपी के नाम शिकायत में महिला ने बताया कि वह 4 जुलाई को अपनी ससुराल से टोहाना में परिचित महिला के पास अपनी दो बच्चियों के साथ दवाई लेने आ रही थी। उसे कैथल से दो घंटे देरी से बस मिली। जिसके कारण वह नरवाना देरी से पहुंची। महिला के अनुसार उसने जुलहेड़ा निवासी बलजीत को फोन किया जिस पर बलजीत ने उसे कहा कि वह गाड़ी लेकर आ जाता है उसे वहां छोड़ देगा। उसने बताया कि रास्ते में आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिला दी जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी उसे गांव कन्हड़ी के पास खेतों में ले गया जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
महिला ने बताया कि जब उसे होश आया तो उसकी स्थिति बिल्कुल खराब थी जब उसने विरोध किया तो आरोपी उसे व उसकी दोनों बच्चियों को चंडीगढ़ रोड स्थित अपने ढाबे के पास ले गया। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे एक दुकान में बंद करने के बाद बाहर से ताला लगा दिया तथा बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि जब उसने काफी देर तक शटर का शोर किया तो आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर ढ़ाबे पर काम करने वाले लोगों ने उसे बचा लिया। उसने शहर थाना में आकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मंाग की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 328, 376, 342, 506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में थाना शहर प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।