रामप्रकाश फार्मेसी ऑफिसर योग करते हुए
फतेहाबाद। भट्टू रोड स्थित समाधि पार्क में सुबह 5 बजे पिछले 24 वर्षों से सिविल सर्जन कार्यालय में तैनात फार्मेसी अधिकारी रामप्रकाश सिहाग निःशुल्क योग कक्षाएं चला रहे हैं। इन कक्षाओं से अब तक डेढ़ हजार से अधिक लोग जुड़ चुके हैं जिनमें कई लोगों ने योग के माध्यम से गंभीर बीमारियों पर नियंत्रण पाया है।
रामप्रकाश सिहाग ने बताया कि उन्होंने करीब 24 वर्ष पहले टीवी देखकर योग करना शुरू किया था। नियमित अभ्यास से उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ी और स्वास्थ्य में सुधार हुआ। इसके बाद आसपास के लोग भी उनसे जुड़ते चले गए और एक छोटा प्रयास धीरे-धीरे एक बड़े योग समूह में बदल गया।
उन्होंने पहले खाली प्लॉट में योग कक्षा शुरू की जिसके बाद भट्टू रोड स्थित समाधि पार्क में नियमित रूप से योग अभ्यास कराया जाने लगा। वर्तमान में रोजाना 50 से 60 लोग इस कक्षा में शामिल होते हैं। रामप्रकाश के अनुसार योग के नियमित अभ्यास से माइग्रेन, ब्लड प्रेशर और मोटापे जैसी समस्याओं में भी सुधार देखा गया है।
रामप्रकाश ने अपने परिवार को भी योग से जोड़ा है। उन्होंने बेटे कार्तिक और भांजी रिंका को पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से योग में डिग्री दिलवाई है। उनका मानना है कि प्रत्येक व्यक्ति को दैनिक जीवन में योग अपनाना चाहिए ताकि शरीर और मन दोनों स्वस्थ रह सकें। रामप्रकाश का कहना है कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवनशैली है, जो लंबे समय तक स्वास्थ्य को संतुलित बनाए रखने में मदद करता है।