बिजली गिरने से जली पेड़ की टहनी।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। कस्बे में सुबह से शुरू हुई बारिश के कारण ठंडक बढ़ गई। वहीं जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। कई गांवों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। उधर, बिजली के गिरने से पेड़ के जलने की भी सूचना है। बारिश के बाद नगरपालिका की लापरवाही के कारण जगह-जगह कीचड़ जमा हो गया।
शहर के फतेहाबाद रोड, टोहाना रोड, बुढ़लाडा रोड, अनाज मंडी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर बारिश का पानी इकट्ठा हो गया। वहीं दूसरी तरफ गंदे पानी की निकासी के नाले भी ओवरफ्लो होकर नगरपालिका के कार्यों की पोल खोलने लगे। रतिया के गांव सुखमणपुर, पालसर, मीराना, बलियाला, बादलगढ़, बबनपुर सहित दर्जन भर गांवों में बारिश के साथ-साथ हल्की ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है। बिजली गिरने से कोई जान व माल का नुकसान नहीं हुआ। इस बारे में तहसीलदार विजय कुमार ने बताया कि अभी तक उनके पास ओलावृष्टि से नुकसान की कोई सूचना नहीं है फिर भी यदि कोई शिकायत आती है तो कर्मचारियों को भेजकर जांच की जाएगी।