फतेहाबाद/भूना। जिले में बुधवार को टोहाना को छोड़कर बाकी सभी एरिया में बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश भूना एरिया में हुई। यहां 16 एमएम मूसलाधार बारिश हुई। इससे जहां भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। वहीं, शहर में भारी जलभराव हो गया। पहली बारिश ने ही नगरपालिका और जनस्वास्थ्य विभाग के प्रबंधों की पोल खोलकर रख दी। जलभराव में राहगीरों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। शहर के अधिकतर हिस्सों में कुछ ही देर हुई बारिश से जलभराव बना रहा। दोपहर को नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की टीम ने सीवरेज मेनहोल के ढक्कन खोल कर पानी निकासी की व्यवस्था सुधारी।
दरअसल, बुधवार सुबह से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ और दोपहर तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। नेहरू पार्क एरिया, मोची रोड न्यू कंबोज गुरद्वारा, हिसार रोड के खैरी चौक, पुराने स्वास्थ्य भवन से लेकर शहीद भगत सिंह पार्क तक, उकलाना रोड, लक्ष्मी अनाज मंडी आदि स्थानों पर भारी जलभराव हो गया। नालियां जाम होने के कारण उनका गंदा पानी भी सड़क तक आ गया। इससे आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वैसे भी शहर के कई हिस्सों में अभी भी नालों की सफाई का कार्य चल रहा है, ऐसे में समस्या और गंभीर हो गई है।
सितंबर 2022 की बारिश को याद कर सहम जाते हैं भूनावासी
पिछले साल सितंबर महीने में हुई भारी बारिश के बाद झेली त्रासदी को याद करके ही भूनावासी सहम जाते हैं। हालत ऐसी हो गई है कि तेज बारिश आते ही लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं और वह जलभराव न होने की आस लगाने लगते हैं। सितंबर में पनपे हालातों के बाद संज्ञान लेते हुए कुछ दिनों पहले ही 50 लाख रुपये की लागत से शहर की आबादी के बीच तीन तालाबों का गंदा पानी निकालने के लिए अंडरग्राउंड पाइप लाइन डाली गई थी। इस पाइप लाइन को नेहरू पार्क से लेकर रामलीला ग्राउंड तक और रामलीला ग्राउंड से मिनी बैंक के साथ वाले तालाब से जोड़कर शहीद उधम सिंह चौक पर सीवर की बड़ी पाइप लाइन में कनेक्शन किया गया था। मगर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद तालाबों का पानी ओवरफ्लो है। शहर के लोग इसलिए भयभीत है कि मामूली बारिश से शहर में जलभराव की इतनी स्थिति पैदा हो गई है तो आगे मानसून में बारिश का सामना कैसे किया जाएगा।
धान की रोपाई में आई तेजी
रतिया व भूना क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। दिनभर किसान खेतों में ही लगकर धान की रोपाई करते रहे। इसके कारण मजदूरों की भी कमी आ गई। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होगी, जो धान की फसल को फायदा पहुंचाएगी।
हल्की बारिश से ही शहर में कई स्थानों पर जमा हो गया पानी
रतिया। रतिया शहर में आई हल्की सी बारिश के बाद भी कई इलाकों में बारिश का पानी जमा हो गया। इस कारण क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह से बारिश का मौसम बना रहा। ठंडी हवा भी चलती रही। रतिया शहर व आसपास के कई गांवों में करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। शहर के भगत सिंह चौक, गर्ल स्कूल वाली गली, फतेहाबाद रोड, मंडी मोड और निचले क्षेत्रों में पानी जमा हो गया। कई दोपहिया वाहन बारिश के पानी के बीच में ही बंद हो गए। शहरवासियों ने प्रशासन से बारिश के पानी की निकासी के उचित प्रबंध करने की मांग की है।
जिले में हुई बारिश का ब्योरा
भूना : 16 एमएम
भट्टू : 11 एमएम
फतेहाबाद : 7 एमएम
जाखल : 5 एमएम
टोहाना : 0
कोट
बारिश के साथ शहर की सड़कें पानी से भर गई थीं। मगर कुछ ही देर बाद नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने मैदान में उतर कर व्यवस्था को संभाल लिया और शहर में जलभराव का समाधान किया। मानसून की बारिश से निपटने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं और उचित प्रबंध किए हुए हैं।
-जतिंद्र शर्मा, सचिव, नगरपालिका भूना