भिवानी/बवानीखेड़ा। कस्बा बवानीखेड़ा में मानसून की बारिश ने एक बार फिर नगर प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। रविवार को करीब एक घंटे हुई तेज बारिश के बाद बस स्टैंड, गुलाब सिंह पार्क, बड़ा गौरवा और अन्य निचले इलाकों में जलभराव हो गया। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री और सचिव संदीप गर्ग ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और पंप लगवाकर बारिश व दूषित पानी की निकासी शुरू करवाई।
सुंदर अत्री ने बताया कि नगर में सफाई व्यवस्था और जल निकासी उनकी प्राथमिकता है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर नालों की सफाई और स्थायी समाधान करवाया जाएगा। फिलहाल पंप के जरिए पानी निकाला जा रहा है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
सोमवार दोपहर को लगभग आधे घंटे की तीन एमएम बारिश ने जहां गर्मी से कुछ राहत दी, वहीं पहले से भरे इलाकों में दोबारा पानी भर गया। वीटा मिल्क प्लांट, जिला कारागार, खरकड़ी फाटक और अन्य निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। लगातार बारिश और निकासी में देरी के कारण नपा कर्मचारियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
फसलों के लिए वरदान साबित होगी बारिश
कैरू: देवलाला गांव में जमकर हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों ने बताया कि यह बारिश फसलों के लिए वरदान साबित होगी। मौसम विशेषज्ञों ने भी इसे रोपाई के लिए अनुकूल समय बताया है। किसान मातूराम पायल, मनोहर, छोटूराम, दलबीर व सोमवीर ने इसे लाभकारी बताया।
रामपुरा का लोड वाला तालाब ओवरफ्लो, गलियों में बहा पानी
बवानीखेड़ा। गांव रामपुरा में स्थित लोड वाला तालाब सोमवार को ओवरफ्लो हो गया, जिससे शिव मंदिर गली और दांग रोड में जलभराव हो गया। सरपंच मुकेश शर्मा ने बताया कि तालाब में बलियाली सहित आसपास के क्षेत्र का पानी एकत्र हो जाता है। फिलहाल निकासी के लिए पास के किसान की दो एकड़ भूमि और पंचायत जमीन का उपयोग किया जा रहा है। पंचायत की ओर से बाकी गांव में जलभराव रोकने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।