यहां से 18 किलोमीटर दूर भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर अब जिले से राजस्थान जाने वाले लोगों को फाटक पर नहीं रुकना पड़ेगा। इसके लिए सरकार ने फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने का निर्णय लिया है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से भट्टूकलां-चौपटा मार्ग पर आठ सौ मीटर लंबा ब्रिज बनेगा, जिससे रेलवे यात्रियों को भी फायदा होगा। पुल का निर्माण रेलवे और लोक निर्माण विभाग करेगा।
भट्टू से चौपटा जाने वाले मार्ग पर रेल की लम्बी लाइन है। जब यहां गाड़ी का समय होता है तो फाटक बंद कर दिया जाता है। इस कारण भट्टूकलां फतेहाबाद व हिसार-भिवानी के लोगों को चौपटा, राजस्थान जाने के लिए फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता हैै। लोगों की मांग को देखते हुए सरकार ने यहां पुल बनाने का फैसला किया है। यह पुल केंद्र सरकार व हरियाणा सरकार मिलकर बनाएगी।
यह पुल आठ सौ मीटर लंबा व साढ़े सात मीटर चौड़ा होगा। अप्रैल में इसके टेंडर निकाले जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने इसकी ड्राइंग तैयार कर रेलवे के जयपुर कार्यालय भेजी हुई है। अप्रूवल मिलते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। गौरतलब है कि इस पुल की वर्षों पुरानी मांग थी। कई बार यात्रियों का शिष्टमंडल रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों से मिला था, लेकिन अब उनकी मांग पूरी होने जा रही है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सुभाष भाम्भू ने कहा कि केंद्र सरकार का काम रेलवे करेगा और स्टेट का काम लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। दो वर्षों में इस पुल के बनकर तैयार होने की उम्मीद है।