कीटनाशक दवा की दुकानों पर छापा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कृषि विभाग ने कीटनाशक दवाओं की गुणवत्ता जानने के लिए बृहस्पतिवार को विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कीटनाशक दवाओं के सैंपल भी लिए। इसकी सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई करने पहुंचे फतेहाबाद से कृषि गुण नियंत्रण अधिकारी इंद्र सिंह, कृषि उप निदेशक बलवंत सहारण, कृषि विभाग के उपमंडलाधिकारी बलजीत सिंह टोहाना व अन्य कृषि विभाग कर्मचारियों की टीम ने जाखल मंडी में विभिन्न कीटनाशक विक्रेताओं की दुकानों पर जाकर जांच की। टीम ने दुकानों में रखे माल के रिकॉर्ड और बिलों को भी चैक किया।
हालांकि जांच में टीम को सब कुछ ठीक मिला लेकिन कुछ दुकानों पर लिए गए माल के सेंपल की अभी रिपोर्ट आनी बाकी है। कृषि अधिकारी गुण नियंत्रक इंद्र सिंह ने बताया कि इन सैंपलों को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
बिल जरूर लें किसान
कृषि उपनिदेशक बलवंत सहारण ने वहां मौजूद किसानों से कहा कि वह खरीदी गई दवाओं एवं बीजों इत्यादि के बिल अवश्य लें। यदि कोई भी दुकानदार माल का बिल न दे तो उसकी शिकायत विभाग से करें। कृषि अधिकारियों ने कहा कि कई बार फसलें खराब हो जाती हैं ऐसे में फसलों के अंदर डाली गई दवाओं एवं बीजों के पक्के बिल हों तो उसकी जांच की जा सकती है जिससे किसान को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। कार्रवाई के दौरान जाखल मंडी पैस्टीसाइड एसोसिएशन के प्रधान औमप्रकाश सिंगला, सुनील मिंटा सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम का सहयोग किया।