भट्टूकलां। एएनसी स्टाफ ने भट्टू क्षेत्र से नशे की गोलियों सहित युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान अमन उर्फ रामधारी निवासी ढाबी कलां के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि एएनसी स्टाफ फतेहाबाद पुलिस की टीम एएसआई जयदेव के नेतृत्व में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अमन उर्फ रामधारी निवासी ढाबीकलां गांव में झोलाछाप डॉक्टर का काम करता है। वह साथ में नशे की गोलियां बेचने का भी धंधा करता है।
इस पर पुलिस टीम गांव ढाबी कलां में अमन के घर पर पहुंची। जब अमन से पूछताछ की और घर की तलाशी ली तो कमरे में रखे एक लिफाफे से पुलिस को नशे की गोलियों के 108 पत्ते बरामद हुए, जो कि कुल गोलियां 1080 थीं। पुलिस ने गोलियों को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना भट्टूकलां में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।