फतेहाबाद। जिला मुख्यालय स्थित अनाज मंडी में आखिरकार मंगलवार से धान की खरीद शुरू हो गई। पहले दिन हैफेड की ओर से 441 क्विंटल धान की खरीद की गई। वहीं, टोहाना में किसानों को बारदाने की कमी से जूझना पड़ा। टोहाना में खरीद भी किसानों द्वारा प्रदर्शन करने के बाद शुरू हो पाई। पंजाब बॉर्डर के पास बनी धारसूल मंडी में धान खरीदने के लिए निर्धारित की गई एजेंसी के अधिकारी ही नहीं पहुंचे। इस कारण वहां खरीद नहीं हो सकी।
गौरतलब है कि मंडी मजदूरों की हड़ताल व प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों के अभाव में रविवार को मंडी में खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी। सोमवार को भी हड़ताल का असर रहा।
धान की फसल लेकर मंडी में आए किसानों को सोमवार को बोली नहीं होने के कारण फसल शेड के नीचे ही डालनी पड़ी। किसान रात को फसल के पास ही चारपाई डालकर सोये। सुबह भी किसान फसल को सुखाने में लगे रहे ताकि उसमें नमी की मात्रा कम हो सके। हालांकि, अभी आवक तेज नहीं हुई है। मार्केट कमेटी के अधिकारियों के अनुसार आगामी तीन-चार दिनों में आवक बढ़ने की उम्मीद है।
सात अनाज मंडी व 31 खरीद केंद्र किए हुए हैं निर्धारित
धान की खरीद के लिए प्रशासन ने जिले में सात अनाज मंडी व 31 खरीद केंद्र निर्धारित किए हुए हैं। इन 38 स्थानों पर रोजाना बोली होगी। जिले में चार खरीद एजेंसियां धान की खरीद करेंगी, जिनके अलग-अलग दिन तय किए गए हैं। इन खरीद एजेंसियों में खाद्य एवं पूर्ति विभाग, हैफेड, एफसीआई व हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन शामिल हैं।
धारसूल में नहीं आए खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारी
मंगलवार को गांव धारसूल स्थित अनाज मंडी में खरीद के लिए खाद्य एवं पूर्ति विभाग का दिन निर्धारित था। कुछ किसान फसल लेकर भी आए, लेकिन खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारी खरीद करने नहीं पहुंचे। इस कारण फसल की बोली ही नहीं हो सकी। किसानों को अब बुधवार को खरीद करवाने का भरोसा दिलाया गया है।
सीएम से मिलने पहुंचा मजदूर यूनियन का प्रतिनिधिमंडल, ओएसडी को सौंपा मांग पत्र
मजदूरों की समस्याओं का समाधान करवाने को लेकर हरियाणा मंडी मजदूर यूनियन का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्र खटक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से बातचीत करने चंडीगढ़ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सीएम के ओएसडी भूपेश्वर दयाल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मजदूरी 10 प्रतिशत बढ़ाने की मांग की। ओएसडी ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन दिया गया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव सतपाल सरोहा, सचिव सीताराम तुर्किया, सलाहकार संदीप मोरवाल, रामधारी इंदौरा, सोनू भोपड़, जोगिंद्र सिंह व फतेहाबाद प्रधान आकाश बागड़ी शामिल रहे।
कोट
मंगलवार से खरीद शुरू कर दी गई है। पहले दिन 441 क्विंटल धान की खरीद की गई है। दो-चार दिनों में आवक बढ़ने की उम्मीद हैं। खरीद संबंधी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
संजीव सचदेवा, सचिव, मार्केट कमेटी फतेहाबाद।