नहर से युवक का शव बाहर निकालते ग्रामीण: संवाद
रतिया। सरदूलगढ़ रोड स्थित रताखेड़ा माइनर में मंगलवार शाम को नहाते समय पंजाब के पंजाब के मानसा जिला के गांव रयोंद कलां निवासी मनप्रीत सिंह (22) को मौत हो गई। उसका शव घटनास्थल से कुछ किलोमीटर दूर तामसपुरा हड़ोली गांव के पास नहर से बरामद किया गया है।
मनप्रीत सिंह अपने दोस्त जसविंदर सिंह (27) के साथ किसी काम से रतिया आया था। दोपहर को अत्यधिक गर्मी होने के कारण दोनों दोस्त सरदूलगढ़ रोड पर रत्ताखेड़ा माइनर में नहाने चले गए। जसविंदर सिंह ने बताया कि दोनों नहर में साथ नहा रहे थे लेकिन कुछ देर बाद मनप्रीत अचानक आंखों से ओझल हो गया।
मनप्रीत को काफी तलाशने के बाद जब वह नहीं मिला तो जसविंदर अकेला अपने गांव लौट गया और परिजनों को पूरी बात बताई। बेटे के गायब होने की खबर सुनते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचित किया। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय स्तर पर नहर में मनप्रीत की तलाश शुरू की।
कुछ ही दूरी पर तामसपुरा हड़ोली गांव के पास मनप्रीत का शव पानी में मिल गया। वहीं सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व अन्य आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।