जाखल। अनाज मंडी में बने सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति गंभीर रूप से बिगड़ गई है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण चारों ओर गंदगी और तेज दुर्गंध फैल चुकी है। मंडी में आने वाले व्यापारियों, मजदूरों और किसानों को इन शौचालयों का उपयोग करना असंभव हो गया है। लोग मजबूरी में खुले में शौच करने को मजबूर हैं, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
स्थिति और चिंताजनक इसलिए है क्योंकि शौचालयों के आसपास एक प्राइमरी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र स्थित हैं। छोटे बच्चों का नियमित आना-जाना स्वास्थ्य जोखिम को और गंभीर बना रहा है। अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हैं और स्वच्छ वातावरण की कमी से परेशान हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते सफाई अभियान अस्थायी साबित हो रहा है। जिम्मेदार अधिकारी नियमित रख-रखाव की जिम्मेदारी नहीं निभा रहे। लोगों का कहना है कि प्रशासन जल्द से जल्द इनकी मरम्मत, नियमित सफाई और नए शौचालय निर्माण पूरा करवाए, ताकि आमजन सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में सुविधा का लाभ उठा सके।
-
गेहूं सीजन से पहले बनेंगे नए शौचालय
मार्केट कमेटी प्रशासन का कहना है कि शौचालयों की बदहाल स्थिति को देखते हुए इन्हें जर्जर घोषित कर नए शौचालय बनाने की प्रक्रिया शुरू की हुई है। अधिकारियों के अनुसार, नए शौचालयों के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। गेहूं सीजन से पहले अनाज मंडी में दोनों तरफ नए शौचालय बना दिए जाएंगे।
-
अनाज मंडी में बने शौचालय गंदगी से अटे पड़े हैं। प्रशासन की ओर से इनकी नियमित सफाई नहीं करवाई जा जा रही है। उच्च अधिकारियों को इस ओर ध्यान देकर इनकी सफाई की जिम्मेदार की जवाबदेही तैयार की जानी चाही।
-प्रिंस कटारिया, शहरवासी
-
सरकार व प्रशासन दोनों ही सफाई के बारे में गंभीर नहीं है, यहां तक की मार्केट कमेटी के अधिकारियों को इस समस्या का पता होने के चलते भी इन शौचालय को सफाई नहीं कराई जा रही है, इससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
-योगेश खनेजा, समाजसेवी जाखल
शौचालयों की सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। इनकी सही से देखरेख नहीं हो रही है। जिम्मेदार अधिकारी इनकी सुध लेने तक नहीं आते है। प्रशासन पूरी तरह से लापरवाही बरत रहा है। सरकार को जिम्मेदार पर सख्त कार्रवाई करनी चाही।
-जगसीर सिंह, किसान नेता
-
अनाज मंडी में नए शौचालय बनाने के लिए पूरा खाका और एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। गेहूं सीजन से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल अस्थायी रूप से सफाई के निर्देश दिए गए हैं।
- विकास कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी जाखल।