चोरों ने सोमवार देर रात शहर के तीन प्रमुख बाजारों रतिया रोड़, शास्त्री बाजार व घंटाघर चौक में दस दुकानों के ताले तोड़ दिए और कई दुकानों से सामान व नकदी चोरी कर ली। इसके अलावा स्वर्गाश्रम के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पिछले एक सप्ताह में चोर 28 वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन एक भी मामले में पुलिस चोरों को नहीं पकड़ सकी है। जिसके चलते मंगलवार सुबह दुकानदारों ने शहर थाने का घेराव किया। बाद में मौके पर पहुंचे डीएसपी उमेद सिंह ने दस दिन का समय मांगा और भरोसा दिलाया कि चोरों को पकड़कर सभी मामलों का खुलासा कर देंगे। इसके बाद जाकर व्यापारियों ने अपना प्रदर्शन रोका। इस दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने पुलिस गश्त पर भी गंभीर सवाल उठाए।
इन दुकानों पर हुई ये चोरी
शास्त्री बाजार स्थित पंजाब बर्तन भंडार के रामस्वरूप ने बताया कि सुबह जब आठ बजे दुकान पर आया तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था, गल्ले में रखे आठ हजार की नकदी गायब थी। इसी रोड़ पर स्थित सिंगला गारमेंटस के मालिक विवेक ने बताया कि सुबह गल्ले में रखे दो हजार रुपये गायब मिले। शास्त्री बाजार स्थित विजय जनरल स्टोर मालिक विजय ने बताया कि उसकी दुकान में नोटों की लगभग 13 हजार की कीमत की माला बनाकर रखी थी जो गायब हो गई है। विजय ने बताया कि चोरी की घटना पड़ोस में लगे कैमरे में कैद हुई जिसमें मोटरसाइकिल सवार चोर घटना को अंजाम दे गए। रतिया रोड़ पर स्थित करियाना स्टोर मालिक रामबिलास ने बताया कि उसकी दुकान से चोरों ने एक कंप्यूटर, डीवीआर, पांच हजार की नकदी व लगभग आठ हजार रुपये की कीमत की चॉकलेट चोरी की है।
इन दुकानों के सिर्फ टूटे ताले
घंटाघर चौक के नजदीक स्थित राज पंसारी व निरंजन पंसारी की दुकान पर चोरी करने के लिए आए चोरों ने तालों को तोड़ दिया तथा पास लगते मकानों की सीढ़ियों के गेट को रस्सी से बांध दिया ताकि शोर सुनकर कोई बाहर न आ सके। राज पंसारी व निरंजन ने बताया कि रात्रि के समय करीबन दो बजे जब चोर ताले तोड़ रहे थे तो यहां से निकल रहे आटो चालक ने आगे चलकर चौकीदार को सूचना दी जिसके बाद उन्हें घटना बारे पता चला। इस दौरान चोर यहां से फरार हो गए। पुरानी कोर्ट रोड़ स्थित माईकल स्टूडियो, पूजा कम्यूनिकेशन, मनोज बुक डिपो की दुकान के चोरों ने ताले तोड़ दिए लेकिन गनीतम रही कि कोई नुकसान नहीं हुआ। सोमवार रात्रि के समय दुकानदारों ने जिन तीनों मार्केट में घटनाओं को अंजाम दिया वहां कोई चौकीदार नहीं है। दुकानदारों ने बताया कि कुछ दुकानदार चौकीदारों को रूपये देने में कतराते हैं जिसके चलते चौकीदार की व्यवस्था नही हो पाई।
कई पुलिस टीमों का गठन, शुरू हुई जांच
शहर में चोरों द्वारा मचाए गए आतंक के बाद से डीएसपी ने तुंरत शहर थाना के कर्मचारियों की बैठक लेकर कार्रवाई के आदेश दिए। डीएसपी के आदेशानुसार शहर थाना के एसए, शहर थाना की टीम एसएचओ सुरेंद्र सिंह, सीआईए टीम इंचार्ज विनोद, चौकी प्रभारी एसआई साधुराम के नेतृत्व में शहर की गलियों में सादी वर्दी में जांच की।
डीएसपी बोले, दो नई पीसीआर मंगवाई, बढ़ाएंगे रात्रि गश्त
पुलिस की ओर गश्त बढ़ाई जाएगी। पुलिस की टीम गश्त कर रही थी लेकिन पीसीआर खराब होने के चलते परेशानी हुई है। फतेहाबाद मुख्यालय दो नई पीसीआर मिली है जिसके बाद मुख्य बाजार में पेट्रोलिंग पार्टी लगाई जाएगी। कुछ समय पहले होमगार्ड वापिस ले लिए गए थे जिसके चलते कर्मचारियों की भी कमी बनी हुई है।
- उमेद सिंह, डीएसपी