फतेहाबाद। मिशन बुनियाद में चयन को लेकर शिक्षा विभाग की तरफ से सोमवार को पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तीसरे लेवल की परीक्षा ली गई। इसके अलावा अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। लेवल तीन की परीक्षा में 334 विद्यार्थियों में से 304 विद्यार्थी शामिल हुए, 30 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के बाद स्कूल परिसर में अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित हुए। इस कार्यक्रम में बिजली कट ने परेशान किया। बिजली कट के चलते प्रोजेक्टर देरी से चले और यहां तक की पंखे भी बंद रहे। कार्यक्रम में जनरेटर की व्यवस्था न होने के चलते दिक्कत हुई। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बिजली निगम के अधिकारियों से संपर्क करके सप्लाई शुरू करवाई। करीब आधे घंटे बाद बिजली सप्लाई शुरू हुई। शिक्षा विभाग पहले कार्यक्रम के लिए डेढ़ लाख बजट जारी करता था लेकिन अब की बार 75 हजार रुपये बजट दिया गया है।
वहीं कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की संख्या अधिक होने के कारण कुर्सियां कम पड़ गईं। इसके चलते विद्यार्थियों और अभिभावकों को चबूतरे पर बैठना पड़ गया। बता दें कि मिशन बुनियाद के लिए जिले में 3488 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इसमें 3171 विद्यार्थियों ने लेवल एक की परीक्षा दी थी। इसमें 1101 विद्यार्थी पास हुए थे। दूसरे लेवल की परीक्षा में 334 विद्यार्थी पास हुए थे और अब तीसरे लेवल की 304 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है।
-
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताए सफलता के गुर
अभिविन्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई, खंड शिक्षा अधिकारी अनिता बाई, महेंद्र सिंह, डीएसएस मुकेश मेहता, डीएमएस रमेश कुमार, बुनियाद से कपिल देव (प्रादेशिक कम्यूनिटी प्रबंधक हरियाणा) के अलावा मिशन बुनियाद के निदेशक प्रदीप मौजूद रहे। कार्यक्रम में डीईओ ने उपस्थित बच्चों को सफलता के गुर सिखाए। कार्यक्रम में निदेशक प्रदीप ने कहा कि मिशन बुनियाद को शुरू करने का लक्ष्य विद्यार्थियों की बुनियाद को मजबूत करना है। शिक्षा विभाग की तरफ से अब कक्षा नौंवी और दसवीं के विद्यार्थियों को कोचिंग दी जा रही है। इसे अभी निचले स्तर की तरफ ले जाने की भी योजना है। कार्यक्रम में जिले भर के सभी बच्चे अभिभावक स्कूल स्टाफ और मिशन बुनियाद की पूरी टीम उपस्थित रही।
-
मिशन बुनियाद के तहत अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभाग की तरफ से सभी व्यवस्थाएं की गई थीं। बिजली निगम ने अचानक कट लगा दिया था लेकिन बाद में सप्लाई शुरू करवा दी गई थी। कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ है।
- मुकेश मेहता, नोडल अधिकारी मिशन बुनियाद