फतेहाबाद। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धांत जैन के नेतृत्व में पुलिस लाइन के रिहायशी क्षेत्र में आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) की ओर से किए गए प्रयासों से प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ सामाजिक, शैक्षिक और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं। इसके अलावा समस्याओं का भी समाधान हो रहा है।
आरडब्ल्यूए के तहत पुलिस लाइन के रिहायशी क्षेत्र में एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इसमें प्रत्येक क्वार्टर से एक सदस्य को जोड़ा गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा इसकी निगरानी की जाती है, जिससे पुलिसकर्मियों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा रहा है। इस पहल से रिहायशी क्षेत्र में एक सकारात्मक माहौल बना है और समस्याओं का समाधान शीघ्रता से किया जा रहा है।
लाइब्रेरी की हुई स्थापना
एसपी सिद्धांत जैन का मानना है कि समाज के सशक्तिकरण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके नेतृत्व में पुलिस लाइन में बच्चों के लिए एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की गई है, जहां डिजिटल शिक्षा के माध्यम से बच्चों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिल रहा है। एसपी जैन समय-समय पर लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हैं और बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हैं, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास और उनके भविष्य के प्रति दृष्टिकोण में सुधार हुआ है।