भट्टूकलां। राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय, भट्टूकलां की प्राचार्य राम भतेरी के खिलाफ ग्रामीण संजय उर्फ जंगली ने सीएम विंडो में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में प्राचार्य पर विद्यालय में कई अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।
संजय की शिकायत के अनुसार, प्राचार्य ने पद ग्रहण करने के बाद एक भी कक्षा अटेंड नहीं की। वह हर रोज विद्यालय देर से आती हैं। सरकार द्वारा भेजे गए डिजिटल बोर्ड का रखरखाव और इंस्टॉलेशन भी सही नहीं है। मिड डे मील योजना में भी कई खामियां हैं, जैसे अनाज का स्टॉक और भुगतान सही नहीं होना।
उन पर मिड डे मील वर्कर के साथ गलत व्यवहार करने का भी आरोप है। इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों के लिए फेयरवेल पार्टी या वार्षिक सांस्कृतिक समारोह का आयोजन नहीं करवाया। प्राचार्य रामभतेरी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में सच्चाई सामने आ जाएगी।
जांच के लिए कमेटी गठित : बीईओ
खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर निष्पक्ष जांच का प्रयास किया गया है। समिति को 15 जुलाई तक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।