फतेहाबाद में छुट्टी के बाद विद्यार्थियों को लेकर जाती हुई स्कूल बस
फतेहाबाद। ईद के पर्व को लेकर वीरवार को सरकारी अवकाश था। इसके चलते सरकारी स्कूल और कार्यालय बंद रहे। लेकिन बावजूद इसके निजी स्कूल संचालकों ने मनमानी दिखाई और खोले। महेंद्रगढ़ में स्कूल बस हादसा हुआ तो प्रशासन जागा और निजी स्कूलों के खुलने पर संज्ञान लिया गया। डीसी ने डीईओ को स्कूलों में छुट्टी करवाने के निर्देश दिए।
डीईओ ने इस संबंध में बीईओ को निर्देश दिए। खंड स्तर पर निर्देश जारी होते ही निजी स्कूल संचालकों में हडक़ंप मच गया। सुबह 11 बजे निजी स्कूल संचालकों ने आनन-फानन में छुट्टी कर दी। जबकि ईद की छुट्टी के पहले से ही निर्देश जारी किए गए थे। कई विद्यार्थियों ने बताया कि लेक्चरर के दौरान ही छुट्टी घोषित कर दी गई। जो विद्यार्थी वैन के जरिए आते हैं उन्हें एक जगह इकट्ठा कर दिया गया और फिर रूट के हिसाब से उन्हें वैन में भेज दिया गया। लेकिन ये नहीं बताया गया कि छुट्टी क्यों की गई है।
निजी स्कूल नहीं मानते हैं नियम
सरकार की तरफ से जो अवकाश घोषित किए गए हैं उन्हें अधिकतर निजी स्कूल नहीं मानते हैं। निजी स्कूलों द्वारा उस दिन छुट्टी न करके विद्यार्थियों को बुलाया जाता है। जबकि नियम अनुसार निजी स्कूलों को भी सरकारी अवकाश पर छुट्टी करनी चाहिए।
कोट
ईद पर्व को लेकर सरकारी अवकाश था। वीरवार सुबह डीसी के निर्देश मिलते ही बीईओ को आदेश दिए कि जो स्कूल खुले हैं उनमें छुट्टी करवाई जाए। इसके बाद स्कूल बंद करवा दिए गए थे। निजी स्कूलों को पहले भी कहा जा चुका है कि जो नियम है उन्हें फॉलो जरूर करें।
- संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी