फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने चिराग योजना यानि मुख्यमंत्री हरियाणा समान शिक्षा राहत सहायता का शेड्यूल दाखिले के लिए जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग ने मान्यता प्राप्त स्कूलों से दाखिले को लेकर सहमति मांगी है और खाली सीटों की जानकारी मांगी है। स्कूलों को पोर्टल पर सहमति देते हुए खाली सीटों का ब्यौरा 10 फरवरी तक देना है। 15 मार्च से विद्यार्थी इन खाली सीटों पर आवेदन कर पाएंगे।
बता दें कि पिछले सत्र में जिले में 80 स्कूलों ने सहमति जताते हुए खाली सीटों का ब्योरा दिया था लेकिन फार्म-6 अपडेट न होने के चलते इन स्कूलों के आवेदनों को रद्द कर दिया था। जिले के 15 स्कूलों में करीब 101 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया था। चिराग योजना के तहत सरकारी स्कूल में पढ़ रहे विद्यार्थी दाखिला ले पाएंगे। इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। चिराग योजना के तहत दाखिले की प्रक्रिया 15 अप्रैल तक चलेगी।
शिक्षा विभाग ने ये जारी की है शर्तें और शेड्यूल
- मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को चिराग स्कीम के अंतर्गत 10 फरवरी तक सीटें बतानी है।
- सहमत मान्यता प्राप्त स्कूलों को 10 मार्च तक नोटिस बोर्ड पर खाली सीटों का विवरण देना होगा।
- छात्र सहमत मान्यता प्राप्त स्कूलों में 10 मार्च से 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।
- जिन स्कूलों में सीटों से ज्यादा आवेदन होंगे वहां पर 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक की अवधि में ड्रा निकाले जाएंगे।
- स्कूलों को 10 अप्रैल तक दाखिले की प्रक्रिया पूरी करनी है। इसके अलावा रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों के 15 अप्रैल तक दाखिले किए जाने हैं।
कक्षा चौथी से बारहवीं के विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
दाखिला प्रक्रिया को लेकर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को विभागीय नॉमिनी नियुक्त करना होगा। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य, मुख्याध्यापक, पीजीटी आदि शामिल होंगे। बता दें कि चिराग योजना के तहत कक्षा चौथी से बारहवीं तक के विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते है।
कोट
चिराग योजना के तहत दाखिले के लिए शिक्षा विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। स्कूलों को सहमति देते हुए पोर्टल पर खाली सीटों की जानकारी देनी है। इसके बाद विद्यार्थी खाली सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन कर पाएंगे।
- दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी