फतेहाबाद। शहर में सार्वजनिक स्थानों और बस क्यू शेल्टरों पर कोचिंग सेंटर संचालक ने पोस्टर लगवा दिए। इसको लेकर पार्षदों ने विरोध जताया है। पार्षदों का कहना है कि बिना अनुमति और वार्ड के बस क्यू शेल्टर पर ये बैनर लगा दिए गए हैं और अधिकारियों को इसकी खबर नहीं है।
पार्षदों ने कहा कि अगर ये बैनर नहीं उतारे गए तो उच्च अधिकारियों को लिखित में शिकायत देंगे। वहीं बैनर पर लिखे नंबर पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि गलती से ये बैनर लगे हैं और इन्हें एक से दो दिनों में हटवा दिया जाएगा। बता दें नगर परिषद ने लोगों की सुविधा के लिए शहर के वार्डों में पिछले कार्यकाल में बस क्यू शेल्टर बनवाए थे। पार्षद ज्योति मेहता ने कहा कि उनके वार्ड 10 में बने बस क्यू शेल्टर पर एक निजी कोचिंग संस्थान का बैनर लगा है। कई वार्डों में बस क्यू शेल्टर पर वार्ड और अन्य जानकारियां दी गई थी लेकिन बैनर लगाकर उसे ढक दिया गया है, जो कि गलत है।
-
निदेशक की फटकार का भी नहीं असर, चौक में लगे बैनर
नगर निकाय के निदेशक ने पिछले दिनों शहर का निरीक्षण किया था तो अधिकतर जगहों पर होर्डिंग, बैनर लगे पाए थे। नगर परिषद के अधिकारियों से जब अनुमति बारे पूछा गया था तो कोई जवाब नहीं दे पाए थे। निदेशक ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए थे। नगर परिषद बैनर लगवाने वाले और लगाने वालों के खिलाफ शहर थाना में शिकायत दी थी। पुलिस की तरफ से नोटिस दिया गया और जुर्माना भरवाया गया था, लेकिन फिर पहले जैसे हालात शुरू हो गए हैं।
-
सेक्टर में बस क्यू शेल्टर पर कोचिंग सेंटर का बैनर लगा दिया गया है। नगर परिषद कर्मचारियों को इस संबंध में जानकारी ही नहीं है। अधिकारियों व कर्मचारियों बात हुई है और उन्हें संबंधित पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। पार्षदों के बोर्ड पर ये बैनर लगाना गलत है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो उच्च अधिकारियों के संज्ञान में ये मामला लाया जाएगा।
- ज्योति मेहता, पार्षद, वार्ड 10
-
पार्षदों की तरफ से मामला संज्ञान में आया है। संबंधित कोचिंग सेंटर संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा नियम अनुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।
- सतपाल सैनी, सीएसआई, नगर परिषद, फतेहाबाद।