रतिया। रतिया बस स्टैंड पर प्राइवेट बस व रोडवेज के चालक-परिचालक के बीच मारपीट मामले में प्राइवेट बस के चालक व परिचालक पर केस दर्ज होने के बाद सोमवार दोपहर को पुलिस द्वारा प्राइवेट बस कब्जे में लेने के बाद प्राइवेट बस चालकों में रोष फैल गया। प्राइवेट बस चालकों ने रतिया से पिलछिया, अलीका, लधुवास रूट की बसों को बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
रोष जता रहे प्राइवेट बस संचालक सुखजीत गिल, रोहताश पूनिया, सुखी रतनगढ़, बलजीत लाली, मंगा सिंह, अनिल नैन, साईदास, सेवक दंदीवाल, हरदीप सिंह, गुरदेव सिंह ने कहा कि बस टाइम को लेकर हुए विवाद में पुलिस प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की है। प्राइवेट बस चालक गुरविंद्र ने भी मामले की शिकायत शहर पुलिस को दी थी। मगर पुलिस ने उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। पुलिस उसकी शिकायत पर भी रोडवेज चालक व परिचालक के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि मंगलवार को जिला कमेटी की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी निर्णय लिया जाएगा। वहीं, प्राइवेट बस संचालक सोमवार शाम को विधायक लक्ष्मण नापा से भी मिले तथा पुलिस द्वारा इस मामले में उनकी सुनवाई न करने के आरोप लगाए। विधायक ने उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शहर थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि बस चालकों के विवाद में मामले की जांच के लिए प्राइवेट बस को कब्जे में लिया गया है। उनके पास शिकायत की सूचना आई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।