फतेहाबाद। शहर में घर-घर से कचरा उठाने और उसे मुख्य संग्रह स्थल पर पहुंचाने और फिर उसके निस्तारण तक का काम नगर परिषद अब निजी एजेंसी को देने जा रही है। जिस पर करीब 2 करोड़ 33 लाख रुपये एक साल में खर्च होंगे। यानी हर माह नगर परिषद करीब साढ़े 19 लाख रुपये खर्च करेगी। निजी एजेंसी के कर्मचारी ही घर-घर से कचरा उठाएंगे और उसे बीघड़ रोड पर बने मुख्य कचरा संग्रह स्थल पर लेकर जाएंगे। यहां पर गीला व सूखा कचरा को अलग-अलग किया जाएगा।
नगर परिषद फतेहाबाद ने इस प्रोजेक्ट का एस्टीमेट बनाकर अनुमति के लिए शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय को भेजा था, जिसे मंजूरी दे दी गई है। ये प्रोजेक्ट करीब एक साल से लटका हुआ था। पिछले साल भी इसको लेकर प्रयास किया गए थे लेकिन प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ पाया। लेकिन अब नगर परिषद द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है। नगर परिषद की तरफ से 262.43 लाख का एस्टीमेट भेजा गया था लेकिन निदेशालय ने एक साल के लिए 233.27 लाख की अनुमति दी है। अब नगर परिषद इसके टेंडर की प्रक्रिया शुरू करेगा।
कचरा उठाने के लिए एजेंसी की ही होंगी गाड़ियां
शहर के 27 वार्डों से घर-घर से कचरा उठाने के लिए एजेंसी को ही अपनी गाड़ियां लगानी होंगी। नगर परिषद के पास 13 गाड़ियां हैं, जिसे निजी एजेंसी को अनुबंध पर दी जा सकती है। इसके अलावा अन्य गाड़ियों की व्यवस्था एजेंसी को ही करनी होगी। शहर की सीमा बढ़ने के चलते नगर परिषद ने हाउस की बैठक में 13 गाड़ियां खरीदने का प्रस्ताव भी पास किया था लेकिन डोर टू डोर प्रोजेक्ट के चलते इसे रद्द कर दिया गया।
शहर के बाजार व वार्डों में सफाई नप के ही करेंगे कर्मचारी
शहर से रोजाना करीब 40 टन कचरा निकलता है। नगर परिषद के पास मैन पॉवर की कमी है। इसी वजह से शहर में सफाई नहीं हो पा रही है और न ही डंपिंग साइट से कचरा समय पर उठ रहा है। एजेंसी के आने बाद घर-घर से कचरा उठाने की जिम्मेदारी नप की खत्म हो जाएगी। नप के सफाई कर्मचारियों के जिम्मे शहर व वार्डों में सफाई का काम रहेगा।
नप की सीमा बढ़ी लेकिन अभी तक कचरा उठ रहा न हो रही सफाई
शहर की सीमा बढ़ चुकी है और वार्डों की संख्या 25 से बढ़कर 27 हो चुकी है। शहर सीमा में हंस कॉलोनी, स्वामी नगर, हरनाम सिंह कॉलोनी, आजाद नगर शामिल हो चुके है लेकिन अभी तक इन कॉलोनियों में सफाई को लेकर कोई योजना नहीं बनी है। यहां पर न तो घर-घर से कचरा उठ रहा है और न सफाई हो रही है।
ये है शहर की स्थिति
रोजाना निकल रहा कचरा : 40 टन
शहर में वार्डो की संख्या : 27
शहर में घरों की संख्या : 27,500
नप के पास सफाई कर्मचारी : 170
कोट
शहर में घर-घर से कचरा उठाने और उसे मुख्य संग्रह स्थल पर पहुंचाने व उसके निस्तारण को लेकर प्रस्ताव तैयार करके निदेशालय में भेजा गया था। उच्च अधिकारियों ने इसको लेकर अनुमति दे दी है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता