फतेहाबाद में आयोजित प्रश्नोतरी प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए आयोजक
फतेहाबाद। पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की जिलास्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें जिले के विभिन्न स्कूलों से विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने सरस्वती नदी के उद्गम, उससे जुड़ी सभ्यता और हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बैजलपुर स्थित पीएमश्री एसएमआर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 11वीं के छात्र प्रिंस ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान गोरखपुर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा मनीषा ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान झलनियां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 11वीं के छात्र अभिषेक को मिला।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी पवन कुमार, प्रवक्ता हिंदी ने विद्यार्थियों को सरस्वती नदी की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की विस्तार से जानकारी दी। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुरेश कुमार पीजीटी गणित नांगल, पवन कुमार प्रवक्ता हिंदी और रमेश कुमार जिला गणित विशेषज्ञ शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा विभाग की पहल पर सरकारी और निजी स्कूलों में सरस्वती महोत्सव मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राचीन सरस्वती नदी, उसके ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी देना है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि बच्चों में इतिहास और संस्कृति के प्रति रुचि विकसित हो सके।