फतेहाबाद। बच्चेदानी के कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 9 से 14 साल की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने की तैयारी कर रहा है। इसको लेकर गणना चल रही है। इसको लेकर एक वैक्सीन पहले लगाने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि इसकी एक वैक्सीन की कीमत 2800 रुपये से 3000 रुपये तक है लेकिन विभाग निशुल्क लगाएगा।
हालांकि इसको लेकर अभी कोई शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। नागरिक अस्पताल की कंसल्टेंट डॉ. सुनीता सोखी बताती हैं कि एचपीवी वायरस से ये कैंसर फैलता है। 30 साल से ज्यादा उम्र की महिलाएं बच्चेदानी के मुंह की जांच जरूर करवाएं। अगर ये प्राथमिक स्तर में है तो उपचार भी संभव है अगर फैल जाता है तो उपचार मुश्किल हो जाता है।
-
गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए लगते हैं सप्ताह में दो दिन कैंप
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस हर वर्ष 16 मार्च को मनाया जाता है। शिशु के जन्म लेने से लेकर 16 साल तक स्वास्थ्य विभाग गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण कर रहा है। समय पर टीकाकरण करके चेचक, खसरा, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी समेत गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। टीकाकरण को लेकर जिले में बुधवार और शुक्रवार को सेशन लगाए जाते हैं। अब स्वास्थ्य विभाग 18 मार्च से एक सप्ताह के लिए स्पेशल टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रहा है। इसमें वंचित बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
-
शिशु के जन्म के बाद ये होता है टीकाकरण
जन्म के समय - बीसीजी, ओपीवी, हेपेटाइटिस बी,
छह सप्ताह पर - ओपीवी पहली, पेंटावेलेंट पहली, आइपीवी पहली, रोटा पहली और पीसीवी पहली डोज
10 सप्ताह पर - ओपीवी दूसरी, पेंटावेलेंट और रोटा की दूसरी डोज
14 सप्ताह पर - ओपीवी तीसरी, पेंटावेलेंट तीसरी, आईपीवी, रोटा तीसरी और पीसीवी की दूसरी डोज
9 से 12 माह - एमआर की पहली डोज, पीसीवी बूस्टर, जेई
16 से 24 माह - एमआर दूसरी डोज, डीपीटी बी, ओपीवी बी, जेई
5 से 6 साल - डीपीटी बूस्टर डोज
10 साल - टीडी
16 साल - टीडी
-
टीकाकरण पूरा करने पर ही आशा वर्कर को भुगतान
शिशुओं के टीकाकरण को लेकर आशा वर्कर को जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग आशा वर्कर को तभी भुगतान कर रहा है जब वह बच्चों का समय पर पूरा टीकाकरण करेंगी। जन्म से लेकर एक वर्ष तक के बच्चे के टीकाकरण पर आशा वर्कर को 100 रुपये, 1 से 2 वर्ष तक के बच्चे के टीकाकरण पर 50 रुपये और 5 वर्ष के बच्चे के टीकाकरण पर भी 50 रुपये का भुगतान किया जाता है।
टीकाकरण को लेकर माता-पिता का जागरूक होना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। जिले में 18 मार्च से स्पेशल अभियान चलाया जाएगा और इसमें वंचित बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
- डॉ. कुलदीप चौधरी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी