फतेहाबाद। लोक निर्माण विभाग की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए रतिया रोड की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क को बने कुछ ही समय हुआ है, लेकिन यह कई जगहों से बैठना और टूटना शुरू हो गई है।
वहीं हैरानी की बात यह है कि विभाग समस्या के स्थायी समाधान के बजाय बार-बार इस पर मरम्मत के लिए उस जगह पर नई परत डालकर काम चला रहा है। यह परत चंद दिनों में ही उखड़ जाती है। वाहन चालकों के लिए यह रोड अब सुविधा कम और परेशानी का सबब ज्यादा बनने लगा है।
यह रोड फतेहाबाद को रतिया से होते हुए पंजाब से जोड़ने वाला एक मुख्य और बेहद व्यस्त मार्ग है। इस सड़क से रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क का निर्माण कार्य, जिसमें चौड़ीकरण भी शामिल था, हाल ही में पूरा हुआ था, लेकिन अब यह जगह-जगह से धंसना शुरू हो गई है।
वाहन चालक सुरेंद्र सिंह, अमनदीप, दलविंदर सिंह आदि ने बताया कि उनका इस सड़क से काफी आवागमन होता है। फतेहाबाद से रतिया तक यह सड़क काफी जगहों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
-
पैचवर्क करने में लगे जुटे
रतिया रोड की सड़क कई हिस्सों से नीचे धंस गई है और अब उसमें गड्ढे बनने शुरू हो गए है। विभाग की ओर से इन गड्ढों को भरने के लिए स्थायी कंक्रीट या उचित मरम्मत की जगह, बार-बार इन पर केवल तारकोल की पतली नई परत डाली जा रही है। सड़क को देखने से लगता है कि इसकी स्थिति सुधारने के लिए बार-बार पैचवर्क करना पड़ रहा है। एक ही जगह पर बार-बार तारकोल डालने से सड़क ऊंची-नीची हो गई है, जिससे वाहन चालकों को झटके लगते हैं।
रतिया रोड पर सड़क खराब हो रही है तो उसे ठीक करवाया जाएगा। मामला अभी संज्ञान में आया है।
- संदीप सचदेवा, एसडीओ, लोकनिर्माण विभाग, फतेहाबाद।