हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के टोहाना इकाई ने कहा की भूना में अपराधियों द्वारा दो व्यापारियों से फिरौती मांगने के विरोध में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की राज्यस्तरीय मीटिंग टोहाना में 12 जुलाई होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग करेंगे। जिसमें प्रदेश में हर रोज हो रही लूटपाट, फिरौती, चोरी आदि अपराधी घटनाओं पर गंभीरता से विचार विमर्श किया जाएगा। इस बैठक में व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग के नेतृत्व में आगामी संघर्ष की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
प्रदेश में अपराधिक घटनाएं दिन प्रतिदिन होने से प्रदेश का व्यापारी व आम जनता अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है जबकि लगभग 14 दिन होने के बावजूद भी भूना में अपराध करने वाले अपराधियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। जो चिंता का विषय है। इस मीटिंग को व्यापार मंडल के प्रदेश पदाधिकारी व व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग संबोधित करेंगे। इस मौके पर प्रधान राजेंद्र ठकराल, संरक्षक रमेश गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष ओकार गर्ग, युवा व्यापार मंडल प्रधान जोनी मेहता, प्रदेश प्रचार मंत्री पवन वधवा, महासचिव रमेश गर्ग आदि मौजूद रहे।