कुलां। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बुधवार को कुलां में नवनिर्मित पुलिस चौकी के भवन का शुभारंभ किया। इसके बाद एसपी मोदी ने चौकी में पौधरोपण भी किया। उन्होंने चौकी भवन का निरीक्षण करते हुए प्रभारी को भवन की पुख्ता ढंग से देखरेख करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चौकी में आने वाली शिकायतों को गंभीरता के साथ सुनकर उनका निस्तारण करें। उन्होंने मौजूद सरपंचों से अपील की कि वो अपने गांव में नशे की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। आमजन के सहयोग से ही पुलिस नशे जैसे कलंक को मिटाने का कार्य कर सकती है। कुलां में यातायात में बाधा बन रही पुरानी चौकी की इमारत का निरीक्षण कर डीएसपी शमशेर सिंह इसको ध्वस्त कराने के निर्देश संबंधित को दिए। इस दौरान टोहाना के डीएसपी शमशेर सिंह, कुलां चौकी प्रभारी दलबीर सिंह सहित कई पुलिसकर्मी तथा आसपास के गांवों के सरपंच व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सरपंचों ने रखी पराली लेकर जाने वालों के चालान काटने की शिकायत
इस दौरान सरपंचों ने एसपी को बताया कि क्षेत्र से पराली की गांठें बनाकर जब बेचने के लिए बाहर ले जाई जाती है तो रास्ते में उनके चालान कर दिए जाते हैं। इस पर एसपी ने कहा कि फतेहाबाद जिले में पुलिस को पराली के वाहनों के चालान न किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में भी पराली की गांठों के वाहनों के कोई चालान नहीं होंगे।