फतेहाबाद। शहर के एसबीआई रोड पर स्थित विशाल ज्वैलर्स में हुई सोने व चांदी के जेवर चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों काे अदालत में पेश किया जहां से सात दिन का रिमांड भेजा गया है। शनिवार को पुलिस टीम आरोपियों को साथ लेकर मेवात के तावडू क्षेत्र में दबिश दी है।
फिलहाल इस मामले में मुख्य आरोपी योगेश वधवा निवासी काठमंडी फतेहाबाद पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। चोरी किए गए सोने व चांदी को बरामद करने के लिए पुलिस ने तावडू क्षेत्र में दबिश दी है। पुलिस ने शोरूम संचालक साहिल की शिकायत पर आरोपी योगेश वधवा निवासी काठमंडी, हिसार निवासी विनीत कुमार और नवीन वधवा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
आरोप है कि दो नौकरों समेत तीन आरोपियों ने करीब 1 किलो 250 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी चुराया है। पुलिस के पास सूचना है कि आरोपियों के द्वारा मेवात के तावडू क्षेत्र में गबन की गई चांदी गलवाई गई थी। इस मामले में पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार का कहना है कि मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही है। जल्द ही मुख्य आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।