फतेहाबाद। जिला पुलिस ने ऑपरेशन आक्रमण चलाकर विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुबह 5 बजे से लेकर 11 बजे तक यह अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के आदेशानुसार जिले भर में कुल 35 टीमें गठित की गई। जिनमें 318 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। पुलिस ने 2 मामले दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 8.850 किलोग्राम गांजा एवं 6 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अतिरिक्त नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में वांछित 2 आरोपियों को काबू किया गया।
अवैध शराब को लेकर 5 मामले दर्ज कर 5 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 286 बोतल देसी शराब तथा 100 लीटर लाहन जब्त की गई। अवैध सिलिंडर रखने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 31 अवैध गैस सिलिंडर एवं 44 गैस कनेक्शन की कॉपियां बरामद की गईं।
पुलिस की ओर से वांछित अपराधियों कर कार्रवाई करते हुए एक उद्घोषित अपराधी, 2 बेल जम्पर, 5 अन्य वांछित आरोपी, जिनके विरुद्ध अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुके थे। लड़ाई-झगड़े के मामलों में 2 वांछित आरोपियों को भी काबू किया है।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने 93 चालान किए। जिनमें 41 चालान गलत लेन में वाहन चलाने व अन्य 52 चालान विभिन्न मोटर वाहन नियमों के उल्लंघन को लेकर किए गए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिला फतेहाबाद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।