थाना सदर क्षेत्र में डॉग स्क्वॉयड, कमांडो टीम और स्थानीय पुलिस तलाशी अभियान चलाते हुए।
रतिया। थाना सदर क्षेत्र में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद के नेतृत्व में डॉग स्क्वॉयड, कमांडो टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से गांव बादलगढ़, बबनपुर सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान संवेदनशील स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, मुख्य मार्गों, बस स्टैंड के आसपास के क्षेत्रों, संदिग्ध ढाबों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की गई। पुलिस टीमों ने आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके पहचान पत्रों की जांच की।
इस दौरान डॉग स्क्वॉयड की मदद से आसपास के क्षेत्रों में तलाशी लेकर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, संदिग्ध वस्तु या आपराधिक तत्वों की मौजूदगी की बारीकी से पड़ताल की गई। स्थानीय पुलिस ने दुकानदारों, राहगीरों और ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि ऐसे तलाशी और चेकिंग अभियान का उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाना, क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।