भूना के राजगुरु मार्केट के पास एक पिज्जा हट में जांच करके बाहर आते डीएसपी जगदीश काजला व अन्य पु
भूना। डीएसपी के नेतृत्व में शहर में पुलिस बल ने पांच पिज्जा हट और दो होटल पर जांच की। पुलिस को वहां पर जांच में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। परंतु इसके बाद भी पुलिस ने संचालकों को चेतावनी दी कि गलत कार्यों से दूर रहें।
दरअसल, पुलिस के पास शिकायत आ रही थी कि राजगुरु मार्केट के पास पिज्जा हट की आड़ में काफी समय से अनैतिक कार्य हो रहे हैं। पुलिस ने सर्च अभियान के लिए बुधवार को विशेष टीम गठित करके डीएसपी के नेतृत्व में छापे मारे। डीएसपी जगदीश कुमार ने स्वयं पिज्जा हट में अंदर तक निरीक्षण किया। वहां पर पुलिस को जांच में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। डीएसपी ने होटल पिज्जा हट संचालकों को हिदायतें भी दी। हालांकि, शहर में सर्च अभियान की सूचना मिलने के बाद कुछ पिज्जा हट व होटल संचालक मौके से गायब हो गए। डीएसपी ने होटल में आने-जाने वाले लोगों के रिकॉर्ड में आईडी प्रूफ साथ संलग्न करने के आदेश दिए।
डीएसपी ने कार्यवाहक एसएचओ रविंद्र बिश्नोई को समय-समय पर गुप्त तरीके से होटलों व पिज्जा हट पर महिला पुलिस कर्मियों को साथ लेकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कई पिज्जा हट व होटलों में अनैतिक कार्य हो रहे हैं, इसलिए दो होटलों व पांच पिज्जा हट की जांच की गई। पुलिस को गलत धंधे से संबंधित कुछ हाथ नहीं लगा। फिर भी होटल व पिज्जा हट संचालकों चेतावनी दी गई है कि भविष्य में शिकायत मिली तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-जगदीश कुमार, डीएसपी, भूना