रतिया में मेडिकल स्टोर को बंद करते हुए पुलिस कर्मचारी।
रतिया। शहर थाना प्रभारी रंजीत सिंह के नेतृत्व में रविवार सुबह नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कई मकानों की तलाशी ली गई। इस दौरान पुराना बस स्टैंड के पास स्थित मेडिकल स्टोर से एक युवक नशे के लिए दवाइयां खरीदता पाया गया।
लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में पुलिस ने उक्त मेडिकल स्टोर को बंद करवा जिला ड्रग अधिकारी को सूचना दी। जिला ड्रग अधिकारी सोमवार को इस मेडिकल स्टोर में जांच करेंगे।
एसपी सिद्धांत जैन के निर्देशों पर शहर थाना प्रभारी रंजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रविवार सुबह रामनगर कॉलोनी समेत शहर की कई कॉलोनियों में घर-घर जाकर जांच की।
इस दौरान 15 से अधिक पुलिस कर्मचारियों ने शहर की कई कॉलोनियों में जाकर लोगों से पूछताछ की। पुलिस को कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी कि अगर किसी ने अवैध गतिविधि या नशा बेचने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।