फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ सकती है। ठेकेदार धर्मपाल द्वारा शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ठेकेदार से पूरा रिकॉर्ड मांगा है। बिलों का पूरा ब्यौरा मांगा गया है, जो कि उसने जनस्वास्थ्य विभाग में जमा करवाया था। इसके अलावा टेंडर संबंधित रिकॉर्ड भी मांगा गया है।
रिकॉर्ड आने के बाद शहर थाना पुलिस मामले की जांच करेगी। अगर ठेकेदार के बिल गायब मिलते हैं तो अधिकारी फंस सकते हैं। बता दें कि शनिवार को शहर थाना में दी गई शिकायत में ठेकेदार धर्मपाल ने आरोप लगाया कि उसकी दो फर्म है और ठेकेदार का काम करते है। आरोप है कि जनस्वास्थ्य विभाग के जेई ने काम करवाकर रिश्वत न देने पर बिल गुम कर दिए। आरोप है कि दो जेई 35 फीसदी रिश्वत की मांग करते है। आरोप है कि उसके करीब 30 बिल गुम कर दिए गए है। दो सालों से 30 लाख रुपये पेमेंट बकाया है। ठेकेदार का कहना है कि अधिकारी जानबूझकर बिल पास नहीं कर रहे है।
कोट
ठेकेदार के द्वारा जो शिकायत दी गई थी उसकी जांच शुरू कर दी गई है। ठेकेदार को कहा गया है कि वह पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध करवाए। ठेकेदार ने जो पहले शिकायतें दी गई है उसका रिकॉर्ड मांगा है। आरोप है कि अधिकारियों ने उसके बिल फाड़ दिए और गुम कर दिए हैं।
-ओमप्रकाश, शहर थाना प्रभारी