फतेहाबाद। सदर पुलिस ने भाणा रोड स्थित खेत में बनी एक ढाणी में जबरन घुसकर मारपीट करने के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान राम शानी उर्फ गुड्डी तथा दर्शना निवासी बड़ोपल के तौर पर हुई है। आरोपी महिलाओं को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस बारे में 14 मई को जयप्रकाश निवासी बड़ोपल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को दी शिकायत में जयप्रकाश ने बताया कि वह मजदूरी का कार्य करता है। 14 मई की रात को खेत में बनी ढाणी में उसका भाई विष्णु, मां नैना और भाई की बहू बिमला घर के आंगन में सो रहे थे। तभी पड़ोसी राधेश्या, ढोलू, गुड्डी व दर्शना सहित 3-4 अन्य युवक अचानक घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। उनके हाथों में तेजधार हथियार व लाठी-डंडे थे।
शोर सुनकर जब शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी रेणु बाहर आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। शोरगुल सुनकर पड़ोसियों को आता देख आरोपी हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। घटना में घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अग्रोहा रेफर कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस को मामले की शिकायत दी गई।