रतिया के गांव गंदा के स्कूल में डेरा डाले बैठा प्रशासनिक अमला
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
प्रधानमंत्री कार्यालय से गांव गंदा की समस्याओं के समाधान का आदेश आने के बाद वीरवार को प्रशासनिक अमला गांव पहुंचकर गांव की पंचायत से समस्याओं बारे में चर्चा की। गांव गंदा पहुंचे प्रशासनिक अमले का नेतृत्व नायब तहसीलदार कर्ण सिंह कर रहे थे।
वीरवार को अधिकारियों ने स्कूल एवं पशु अस्पताल की निशानदेही करवाई, ताकि स्कूल और पशु अस्पताल की चारदीवारी करवाई जा सके।
स्कूल प्रांगण में ग्रामीणों एवं स्कूल स्टाफ से बातचीत में ग्रामीणों ने अधिकारियों को नहर के पास अवैध कब्जों की भी जानकारी दी जिस पर नायब तहसीलदार ने कानूनगो को अवैध कब्जों वाली जगह की भी निशानदेही करने के आदेश जारी कर दिए।
गौरतलब है कि रतिया खंड के गंाव गंदा की छात्रा हरप्रीत कौर और अन्य विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर उनके गंाव में स्थित स्कूल और उसके साथ लगते पशु अस्पताल की चारदीवारी करवाने व उनके गंाव का नाम गंदा से बदलने की मांग रखी थी। इस पत्र पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने उसके जवाब में प्रदेश सरकार को इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद रतिया प्रशासन हरकत में आया। गत दिवस रतिया एसडीएम पूजा चावरिया ने बैठक करके मामले में संबधित अधिकारियों को उक्त मामले में मौके पर जाकर दो दिनों में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे।
गांव गंदा पहुंचने वाले अधिकारियों में नायाब तहसीलदार के साथ एसईपीओ ओम प्रकाश ,पटवारी ईश्वर सिंह ,इंद्र सिंह कानूनगो ,ग्राम सचिव राजेश कुमार ,पशु पालन विभाग के अधिकारी, गंाव सरपंच लखविंद्र राम सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।