फतेहाबाद। राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने की तैयारी कर रहे जिले के खिलाड़ियों को अब आयु सत्यापन के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज नहीं जाना पड़ेगा। नागरिक अस्पताल में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी आयु संबंधी जांच करेगी। इससे खिलाड़ियों और अभिभावकों का समय और पैसा बचेगा।
दरअसल राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आयु प्रमाणपत्र अनिवार्य है। इसका उद्देश्य प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की वास्तविक आयु सुनिश्चित करना और आयु वर्ग के अनुसार निष्पक्ष मुकाबले करवाना है। इसके लिए खिलाड़ियों की शारीरिक बनावट, हड्डियों के विकास और दांतों की स्थिति सहित कई पहलुओं की चिकित्सकीय जांच की जाती है।
आयु सत्यापन में रेडियोलॉजिस्ट की अहम भूमिका होगी। वह खिलाड़ियों की कोहनी, कंधे, कलाई और कूल्हे के एक्स-रे की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेंगे। दंत चिकित्सक दाएं और बाएं तरफ के दांतों, जबड़े की स्थिति और टूटे हुए दांतों का विवरण दर्ज करेंगे। दांतों के एक्स-रे की भी जांच होगी।
वहीं जनरल फिजिशियन खिलाड़ी का कद, वजन, छाती का घेरा, नाभि के स्तर पर पेट की परिधि और शरीर विकास सूचकांक (बीडीआई) की जांच करेंगे। इसके अलावा सांस लेने की स्थिति और अन्य शारीरिक लक्षणों का आकलन भी किया जाएगा। इनमें पुरुष खिलाड़ियों की बांह की कलाई और महिला खिलाड़ियों की जांघ के मध्य भाग की माप शामिल है। आवाज में कर्कशता जैसे लक्षणों की भी जांच होगी।
नागरिक अस्पताल प्रशासन ने इस काम की जिम्मेदारी ऑर्थो सर्जन को सौंपी है। नई व्यवस्था से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राहत मिलेगी। उन्हें जांच के लिए दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे आने-जाने का खर्च बचेगा और प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया भी आसान होगी।
-
राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आयु सत्यापन प्रमाणपत्र की जरूरत होती है। विशेषज्ञ न होने के चलते उन्हें अग्रोहा जाना पड़ रहा था लेकिन अब यहीं पर व्यवस्था कर दी गई है।
- डॉ. सुभाष, एसएमओ, नागरिक अस्पताल