फतेहाबाद। गांव चंद्रावल निवासी युवा खिलाड़ी मनीष जाखड़ ने कबड्डी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर गांव और स्कूल का नाम रोशन किया है। कम उम्र में ही उसने ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक अपनी पहचान बनाई है। फिलहाल वह राजकीय उच्च विद्यालय चंद्रावल में आठवीं कक्षा का छात्र है।
15 वर्षीय मनीष जाखड़ ने स्कूली अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिताओं में बेहतरीन खेल दिखाते हुए ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा साबित की। लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते उसे राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला जहां उसने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
मनीष जाखड़ एकता कबड्डी क्लब चंद्रावल से जुड़ा हुआ है। वह नियमित अभ्यास कर अपनी फिटनेस और खेल कौशल को लगातार बेहतर बना रहा है। खेल के प्रति उसकी लगन और अनुशासन ने उसे कम समय में उल्लेखनीय सफलता दिलाई है। मनीष का सपना राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने गांव, जिले और परिवार का नाम रोशन करना है।
-
नियमित अभ्यास से निखर रही प्रतिभा
मनीष के पिता प्रहलाद गांव चंद्रावल में कबड्डी कोच हैं। उनके मार्गदर्शन में वह लगातार मेहनत कर रहा है। कोच सतपाल बलौदा की देखरेख में भी वह नियमित प्रशिक्षण ले रहा है। कोच सतपाल का कहना है कि मनीष इसी तरह अनुशासन और मेहनत बनाए रखता है तो आने वाले समय में वह राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।