फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने कायाकल्प अवॉर्ड 2025-26 का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीली मंदोरी ने लगातार चौथी बार बाजी मारते हुए जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। गांव मेहूवाला की आयुष्मान आरोग्य मंदिर सब सेंटर ने पहली रैंक हासिल की है। इसके अलावा गांव धारनिया प्रथम और जांडवाला बागड़ द्वितीय रनरअप रहे है।
विभाग की तरफ से जारी परिणाम मुताबिक जिला नागरिक अस्पताल फतेहाबाद, उप नागरिक अस्पताल टोहाना और रतिया व पांच सीएचसी को प्रशस्ति पत्र के लिए चयन हुआ है। हालांकि इस भट्टूकलां सीएचसी पिछड़ गया है। भट्टूकलां पहले प्रदेश स्तर पर बाजी मार चुका है लेकिन इस बार प्रशस्ति पत्र के लिए ही चयन हुआ है। इस उपलब्धि के लिए नागरिक अस्पताल को तीन लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
कायाकल्प अवॉर्ड के लिए विभाग की तरफ से अलग-अलग टीमों ने तीन बार निरीक्षण किया और इसके बाद परिणाम जारी किया गया है। कायाकल्प अवॉर्ड के लिए 70 फीसदी स्कोर जरूरी होता है। विभाग की तरफ से अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को जांचा जाता है। इसमें मरीजों का फीडबैक भी मायने रखता है।
-
पीली मंदोरी पीएचसी में लगाई है चेकलिस्ट, हर माह होती है समीक्षा
पीएचसी पीली मंदोरी के इंचार्ज डॉ. धमेंद्र सिंह का कहना है कि जिले में चौथी बार पहला स्थान हासिल किया है। इसमें टीम वर्क मुख्य है। काम को लेकर सुपरविजन रहता है। अस्पताल में मरीजों को सर्विस बेहतर देने का प्रयास करते हैं। चेक लिस्ट बनाई हुई है। इसके आधार पर रोजाना आकलन होता है कि काम हुआ है या नहीं है। हर माह मीटिंग करते हैं और उसमें समीक्षा की जाती है। केंद्र एनक्वास सर्टिफाइड है और ये वर्ष 2019 और 2023 में मिला है।
-
सीएचसी को मिलेगी एक लाख की राशि
कायाकल्प अवॉर्ड के तहत जिले के उप नागरिक अस्पताल टोहाना, रतिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ोपल, भूना, भट्टूकलां, भूथनकलां, जाखल को प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। पीएचसी स्तर पर पीली मंदोरी जिले में पहले स्थान पर रही है। पीली मंदोरी को विभाग की तरफ से प्रशस्ति पत्र और दो लाख रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके अलावा पीएचसी नागपुर, अहरवां, हसंगा, भिरड़ाना, मामूपुर, झलनियां, कुलां, पिरथला, महमड़ा को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
26 केंद्रों का 70 फीसदी से ज्यादा रहा स्कोर
कायाकल्प अवॉर्ड के तहत गांव मेहूवाला के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सब सेंटर को पहला मिला रैंक है। इसके तहत एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। गांव धारनियां प्रथम रनरअप रहने पर 50 हजार और जांडवाला बागड़ द्वितीय रनर अप श्रेणी में रहने पर 35 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके अलावा कुकड़ावाली, नाढोडी, गिल्ला खेड़ा, लाली, भोडिया खेड़ा, ढाणी ईसर, जांडली कलां, रत्ता खेड़ा, रतिया, जल्लोपुर, डांगरा, सरवरपुर, नन्हेड़ी, काजलहेड़ी, हांसपुर, बोस्ती, ढाणी सांचला, ललोदा, बलियावाला, सनियाना, दहमान, लहरियां आयुष्मान आरोग्य मंदिर का चयन प्रशस्ति पत्र के लिए हुआ है। इन संस्थानों को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
-
अब 17 अस्पतालों को करना होगा एनक्वास के लिए आवेदन
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 17 संस्थानों ने कायाकल्प के पीयर और बाह्य मूल्यांकन में 70 प्रतिशत से अधिक अंक तो हासिल किए हैं लेकिन 12 मार्च तक एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड) प्रमाणन प्राप्त नहीं कर सके। जिले के अपात्र संस्थानों में 2 उपमंडल अस्पताल (एसडीएच), 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), 7 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और 4 आयुष्मान आरोग्य मंदिर-उपकेंद्र शामिल हैं। ऐसे में अब इन्हें एनक्वास के लिए आवेदन करना होगा।
-
अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए कायाकल्प अवॉर्ड के तहत निरीक्षण किया जाता है। जिले के अस्पतालों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और बेहतर बनाने के भी प्रयास रहेंगे।
-डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन
-
जिले के पीली मंदोरी पीएचसी और उप स्वास्थ्य केंद्र मेहूवाला, जांडवाला बागड़, धारनियां का बेहतर प्रदर्शन रहा है। गांव मेहूवाला ने पहली रैंक हासिल की है। स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर सेवाएं देने और स्वच्छता पर फोकस है।
-डॉ. दीक्षा, नोडल अधिकारी, कायाकल्प अवॉर्ड योजना