फतेहाबाद। गर्मी ने अभी से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लेकिन शहर में अधिकतर जगहों पर यात्रियों के बस का इंतजार करने के लिए लिए क्यू शेल्टर की व्यवस्था नहीं है। जिस कारण से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में बस क्यू शेल्टर स्थापित करने का जिम्मा नगर परिषद का है, लेकिन उसके बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ऐसे में पारे के चढ़ने के साथ यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती जाएंगी। शहर की अगर बात की जाए तो शहर के भट्टू रोड, बस स्टैंड व पुराना बस स्टैंड पर बस क्यू शेल्टर नहीं होने के कारण यात्री परेशान है।
भट्टू रोड पर जो क्यू शेल्टर बना हुआ है उसकी छत ही गायब हो चुकी है। वहीं पुराना बस स्टैंड के सामने एक काफी पुराना पेड़ ही यात्रियों के लिए सहारा बना हुआ है। नगर परिषद के द्वारा शहर में नए बस क्यू शेल्टर को लेकर कई बार दावे तो जरूर किए गए, लेकिन वह दावे धरातल पर नजर नहीं आ रहे।
शहर के पुराना बस स्टैंड व भट्टू रोड पर बस का इंतजार कर रहे यात्री विकास, जितेंद्र, राकेश, सुनीता, प्रमोद रानी, प्रिंस, अंजली आदि ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। उन्हें अब भी पेड़ की छांव में ही बस का इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बस क्यू शेल्टर का प्रबंध किया जाए ताकि लोगों की परेशानी दूर हो। लोगों का कहना है कि खासतौर पर महिलाओं और छोटे बच्चों को गर्मी के दिनों में बिना छांव के खड़े रहने में काफी मुश्किल होती है।
-
शहर में बस क्यू शेल्टर लगाने को लेकर योजना बनाई जा रही है। जल्द ही शहर में बस क्यू शेल्टर बनाने का काम शुरू होगा।
- राजेंद्र खिंची, चेयरमैन, नगर परिषद, फतेहाबाद।