फतेहाबाद। जिला मुख्यालय के बस स्टैंड को शहर से बाहर शिफ्ट किए जाने के बाद से रोडवेज प्रशासन ने बसों को बाइपास से जाने के आदेश दिए। साथ ही ये भी निर्देश दिए गए कि शनिवार और रविवार को दिन व रात के समय बसें शहर के अंदर से होकर जाएंगी। जिसके बाद भी रोडवेज बस चालक इन आदेशों की अवहेलना कर रहे है।
प्रशासन की ओर से यह आदेश यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दिए गए, लेकिन बस चालकों की मनमानी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार व रविवार को दिन के समय बस चालक बसों को बाइपास से लेकर जा रहे है, जबकि रोडवेज अधिकारियाें की ओर से इन दोनों दिनों में बसों को दिन व रात के समय शहर के अंदर से ले जाने के आदेश हैं।
इन आदेशों की अवहेलना के कारण सिरसा, ऐलनाबाद, डबवाली, हिसार, रोहतक, दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, कैथल, कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़ आदि स्थानों पर यात्रियों को परेशानी होती है।
यात्री पुराना बस स्टैंड पर करते रहते हैं इंतजार
खासतौर पर शनिवार व रविवार के दिन जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। यात्री शहर के पुराना बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़े रहते हैं और बस चालक बस को बाइपास से लेकर चले जाते हैं। ऐसी दिक्कत आमतौर पर दूसरे राज्य या दूसरे जिले से आने वाली बसों को लेकर आती हैं। यह बसें राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए हिसार रोड पर स्थित नए बस स्टैंड पर जाती है।
सख्ती से लागू हो नियम
शहर के पुराना बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़े यात्री सतेंद्र सिंह, राजकुमार, विशाल व शहर की सामाजिक संस्था से जुड़े हरदीप सिंह, विनोद अरोड़ा ने बताया कि रोडवेज प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। वहीं बसों को शहर के अंदर से ले जाने के नियम को सख्ती से लागू करवाना चाहिए। ताकि आम जन को सुविधा देने के लिए बनी रोडवेज बसों के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
शनिवार और रविवार को दिन के समय बसों को शहर के अंदर से जाने के आदेश दिए हुए है, अगर बस चालक इन नियमों की अवहेलना कर रहे है तो निगरानी करवाकर इन आदेशों को लागू करवाया जाएगा। ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
- सुरेंद्र सिंह, यातायात प्रबंधक, रोडवेज फतेहाबाद।