रणबीर गिल, प्रदेशाध्यक्ष सरपंच एसोसिएशन हरियाणा।
टोहाना।(फतेहाबाद)। हरियाणवी गायक कलाकार मासूम शर्मा इन दिनों विवादों में हैं। जींद में सरपंचों के अपमान का मामला गरमा गया है। हरियाणा सरपंच एसोसिएशन ने उन्हें सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रणबीर गिल ने कहा है कि यदि शर्मा माफी नहीं मांगते हैं, तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
गिल ने स्पष्ट किया कि माफी न मांगने की स्थिति में प्रदेश के सभी गांवों में पंचायतें इस कलाकार के किसी भी कार्यक्रम को नहीं होने देंगी। उन्होंने कहा कि सरपंचों की ताकत केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि वे देश के हर कोने में मौजूद हैं, जिससे मासूम शर्मा को हर गांव में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। रणबीर गिल ने मासूम शर्मा पर प्रत्येक कार्यक्रम के दौरान नशे में होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी कारण उनके कार्यक्रमों में अक्सर हंगामा होता है। गिल ने यह भी कहा कि शर्मा अपने श्रोताओं पर हमला करवाते हैं, जबकि श्रोता एक कलाकार के लिए भगवान के समान होते हैं।
एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताया कि गांव बैजलपुर के सरपंच हेमंत को किसी व्यक्ति ने धमकी देकर वीडियो डिलीट करने को कहा है। गिल ने चेतावनी दी कि ऐसी धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि कोई शरारती तत्व सरपंचों को परेशान करेगा तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। रणबीर गिल ने हरियाणा सरकार से मांग की कि ऐसे कलाकार के विवादित गानों को हटाया जाए, क्योंकि इनसे युवाओं में गलत संदेश जा रहा है।
उन्होंने मासूम शर्मा पर ‘चांदी के सिक्कों’ के कारण घमंड में आने का आरोप भी लगाया है।