जाखल। दिल्ली में किशनगंज रेलवे स्टेशन के पास इंटरलॉकिंग कार्य के चलते जाखल दिल्ली-रेल मार्ग पर चलने वाली 54035 पैसेंजर ट्रेन 13 मई तक रद्द रहेगी। यह ट्रेन मंगलवार को भी रद्द रही। इसके अलावा 54036 ट्रेन 10 से 12 मई तक रद्द रहेगी।
जाखल रेलवे स्टेशन अधीक्षक चांदराम दहिया ने बताया कि किशनगंज रेलवे स्टेशन पर काम चलते होने के कारण रेलवे ने यह फैसला लिया है। दहिया ने बताया कि 54035 ट्रेन दिल्ली से जाखल आती है। यह ट्रेन 9 दिन रद्द रहेगी। वहीं जाखल से दिल्ली जाने वाली 54036 ट्रेन 3 दिन तक रद्द रहेगी।
इन ट्रेनों का आवागमन बाधित रहने से छोटे व्यापारियों पर ज्यादा असर पड़ेगा। उनके लिए दिल्ली से सामान की खरीदारी करने जाते हैं, उन्हें खासी परेशानी होगी। नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। 54036 ट्रेन जाखल से सुबह 4.35 बजे रवाना होती है और दिल्ली सुबह 9.50 बजे पहुंच जाती है।
इस ट्रेन से ज्यादातर छोटे व्यापारी यात्रा करते हैं। किसी यात्री को अगर उसी दिन जाखल लौटना हो तो उसके पास इतना समय होता है कि वह अपना काम करके वापसी में इसी ट्रेन (54035) को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से दोपहर साढ़े तीन पकड़कर रात 8.50 बजे वापस घर पहुंच सकता है। यह ट्रेन जाखल वाया रोहतक-जींद होते हुए जाखल आती है।