passenger train, delhi firozpur train will run from tomorrow, railway, fatehabad
जाखल। दिल्ली से फिरोजपुर के बीच पिछले ढाई महीने से बंद पड़ी दो पैसेंजर गाड़ियां आज से शुरू हो जाएंगी। शनिवार को फिरोजपुर से दिल्ली की ओर 54642 डाउन पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई। एक मार्च से दिल्ली से फिरोजपुर के लिए पैसेंजर ट्रेन 54641 पूर्व निर्धारित समय अनुसार आने की संभावना है।
रेलवे की ओर से धुंध का कारण बताते हुए ढाई महीने पहले 15 दिसंबर से दिल्ली से फिरोजपुर के बीच आवागमन करने वाली 54641 अप तथा 54642 डाउन पैसेंजर को बंद कर दिया गया था। पैसेंजर गाड़ियों के बंद कर दिए जाने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आलम यह था कि सुबह 5 बजे से लेकर शाम के 6 बजे तक जाखल से बठिंडा की ओर जाने के लिए कोई भी पैसेंजर गाड़ी नहीं थी। हालांकि यात्रियों ने बार-बार रेलवे प्रशासन को यह ट्रेन चलाई जाने की मांग की थी लेकिन रेलवे की ओर से पूर्व में ही इस बात की घोषणा की गई थी कि गाड़ियों को 29 फरवरी के बाद चलाया जाएगा। रेलवे द्वारा घोषित सूचना के मुताबिक 29 फरवरी को फिरोजपुर से दिल्ली की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई।
आज फिरोजपुर से दिल्ली गई है ट्रेन
रेलवे स्टेशन के पूछताछ कार्यालय अधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि 54642 डाउन पैसेंजर गाड़ी दिल्ली की ओर जाने के लिए रवाना हुई है। कल से आने की संभावना है। वहीं जाखल जंक्शन रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि दिल्ली से फिरोजपुर के बीच बंद की गई दोनों पैसेंजर गाड़ियों को 29 फरवरी के बाद चलाए जाने की घोषणा की गई थी। गाड़ी दिल्ली की ओर रवाना हुई है। रविवार से दोनों ओर की गाड़ियां चलने की संभावना है।