रेवाड़ी से चलकर फाजिल्का जाने वाली सवारी रेलगाड़ी का भट्टूकलां से करीब 5 किलोमीटर दूर गांव खाबड़ाकलां के हाल्ट स्टेशन के समीप इंजन का पावर फेल हो गया।
सुबह करीब सवा नौ बजे इंजन खराब होने से यह सवारी रेलगाड़ी करीब एक घंटे से भी अधिक समय तक खाबड़ा के समीप खड़ी रही। बाद में हिसार से दूसरा इंजन मंगवाकर गाड़ी को भट्टूकलां स्टेशन तक लाया गया। इस वजह से करीब तीन घंटे गाड़ी देरी से चली।
जानकारी के मुताबिक रेवाड़ी से चलकर फाजिल्का जाने वाली पैसेंजर रेलगाड़ी 54784 का भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का समय 9 बजकर 12 मिनट निर्धारित है। इस सवारी रेलगाड़ी के इंजन का भट्टूकलां पहुंचने से पहले खाबड़ा के समीप पावर फेल हो गया।
गाड़ी का इंजन नकारा होने से गाड़ी वहीं रुक गई। गाड़ी खराब होने से यात्रियों को वहीं खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। बाद में हिसार से दूसरा इंजन मंगवाया गया। इस इंजन ने गाड़ी को पीछे से धकेलते हुए भट्टू रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। यहां आकर यह इंजन गाड़ी के आगे जोड़ा गया।
गाड़ी का पावर फेल होने के कारण सवा नौ बजे चलने वाली यह गाड़ी यहां से सवा 12 बजे आगे के लिए रवाना हुई। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्री गाड़ी का इंतजार करने के बाद बसों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
रेवाड़ी निवासी अरुण गुप्ता ने बताया कि उसे जरूरी काम से पहुंचना था, लेकिन इस गाड़ी के चक्कर में तीन घंटे बर्बाद हो गए। सिरसा तक जाने वाले यात्री लुधियाना से सिरसा जाने वाली पैसेंजर गाड़ी में सवार हुए।