फतेहाबाद। शहर के मॉडल टाउन के पपीहा पार्क का अब जल्द सुंदरीकरण होने वाला है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने पपीहा पार्क को नगर परिषद के हैंडओवर कर दिया है। नगर परिषद ने इसके सुधार को लेकर भी काम शुरू कर दिया है। पार्क के सुंदरीकरण को लेकर नगर परिषद ने करीब 25 लाख रुपये का टेंडर लगा दिया है। ये टेंडर 5 मई को खोला जाएगा। अब पपीहा पार्क की हालत जल्द सुधरेगी और लोग आनंद ले सकेंगे।
बता दें कि पपीहा पार्क को पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण संभाल रहा था। उपायुक्त प्रदीप कुमार ने पार्क के निरीक्षण के बाद अधिकारियों को नगर परिषद के हैंडओवर करने के आदेश दिए थे। इसके बाद पार्क को नगर परिषद के हैंडओवर किया गया है। नगर परिषद ने पार्क के सुंदरीकरण को लेकर एस्टीमेट बनाया है। इसके तहत करीब 25 लाख से मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे। पार्क में चहारदीवारी बनेगी, जो कि करीब एक साल पहले टूटकर गिर गई थी। फुटपाथ की मरम्मत होगी। पार्क में लगे ओपन जिम की मरम्मत होगी। इसके अलावा बड़े झूले भी लगेंगे ताकि यहां घूमने के लिए आने वाले बच्चे उसका लुत्फ उठा पाएं। यहां पर खराब हो चुका फव्वारा की भी नप मरम्मत करवाएगा।
सोसायटी को गोद दिया जाएगा पार्क
नगर परिषद पपीहा पार्क का सुंदरीकरण होने के बाद इसकी संभाल के लिए सोसायटी को गोद देगा। पार्क को गोद लेने के लिए कई सोसायटी आगे आ चुकी है। नगर परिषद ने शहर के लगभग सभी पार्कों को मरम्मत के बाद सोसायटी को गोद दे रखा है। नप सोसायटी को इसको लेकर भुगतान भी करता है।
पपीहा पार्क है शहर के लोगों की पहली पसंद
शहर में समय के अनुसार कई नए पार्क बन चुके है लेकिन मॉडल टाउन का पपीहा पार्क सबसे पुराना है और लोगों की भी पहली पसंद है। यहां पर सुबह और शाम के समय करीब 800 से 1000 लोग घूमने के लिए आते हैं। शहर का सबसे बड़ा पार्क इसे ही माना जाता है।
कोट
पपीहा पार्क के सुंदरीकरण को लेकर टेंडर लगा दिया गया है। पार्क में मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे। ओपन जिम को ठीक करवाया जाएगा। बच्चों के खेलने के लिए झूला भी लगेगा। पार्क को सोसायटी को गोद दिया जाएगा। कई सोसायटी पार्क गोद लेने की इच्छुक है।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद
फतेहाबाद का पपीहा पार्क।- फोटो : Fatehabad